उत्तर प्रदेश

Gorakhpur: टोल प्लाजा के पास पलटी बोलेरो, दो युवकों की मौत, चार घायल

Sarita
12 Feb 2026 9:59 AM IST
Gorakhpur: टोल प्लाजा के पास पलटी बोलेरो, दो युवकों की मौत, चार घायल
x
Gorakhpur गोरखपुर : गोरखपुर में मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना ने खुशी के माहौल को मातम में बदल दिया। बरात से लौट रही बोलेरो भिटहा टोल प्लाजा के समीप अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई और पलट गई। इस हादसे में दो युवकों की जान चली गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और चीख-पुकार गूंज उठी।
जानकारी के अनुसार, चारपान खुर्द निवासी सुभाष मौर्य के पुत्र के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए चारपान सुअड्डा और नगवां टोला के आशुतोष पांडेय, सूरज पांडेय, सरवन चौहान, आलोक शर्मा, दीपक निषाद, शिवम गुप्ता और सूरज शर्मा बोलेरो (यूपी 53 सीजेड 5497) से गोला बाजार गए थे। शादी समारोह के बाद सभी रात करीब 11 बजे गांव लौट रहे थे।
गांव से लगभग दो किलोमीटर पहले भिटहा टोल प्लाजा के पास अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण छूट गया। तेज रफ्तार बोलेरो डिवाइडर से टकराई और कई बार पलटते हुए सड़क पर उलटी जा गिरी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। चालक आशुतोष पांडेय की हालत बेहद गंभीर थी। उपचार के दौरान बुधवार सुबह उनकी मृत्यु हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल आलोक शर्मा को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर किया गया, जहां उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
हादसे में घायल सूरज शर्मा की स्थिति नाजुक बनी हुई है, जिसे बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया है। अन्य घायलों का स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस दुर्घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।घटनास्थल पर बिखरे कांच के टुकड़े, टूटे वाहन के हिस्से और खून के धब्बे इस भीषण दुर्घटना की भयावह तस्वीर बयान कर रहे थे। हादसे के बाद कुछ समय तक हाईवे पर यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में सामान्य कराया गया।
Next Story