उत्तर प्रदेश

Gonda: पुलिस अधीक्षक ने थाना धानेपुर के कक्ष और बैरकों के जीर्णोद्धार का किया उद्घाटन

Gulabi Jagat
5 May 2025 5:32 PM IST
Gonda: पुलिस अधीक्षक ने थाना धानेपुर के कक्ष और बैरकों के जीर्णोद्धार का किया उद्घाटन
x
Gonda। जनपद गोंडा में पुलिस व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा पुलिस कर्मियों को बेहतर कार्य एवं आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। इसी क्रम में आज पुलिस अधीक्षक गोण्डा श्री विनीत जायसवाल द्वारा थाना धानेपुर स्थित प्रभारी निरीक्षक कक्ष एवं पुलिस बैरकों के जीर्णाेद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्य का विधिवत उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन एवं फीता काटकर की गई, जिसके पश्चात महोदय ने जीर्णाेद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया एवं उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने थाना परिसर में साफ-सफाई, सुव्यवस्थित कार्यालय व्यवस्था, बैरकों की मरम्मत, रंग-रोगन तथा कर्मचारियों को बेहतर कार्य व आवासीय वातावरण प्रदान करने के लिए किये गए प्रयासों की सराहना की। महोदय ने कहा कि पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण एवं रहने की सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। इससे न केवल उनकी कार्यक्षमता में वृद्धि होगी, बल्कि वे जनता को बेहतर सेवा दे सकेंगे।






महोदय द्वारा बताया गया कि इस सौंदर्यीकरण एवं जीर्णाेद्धार कार्य का मुख्य उद्देश्य पुलिसकर्मियों को एक स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधाजनक कार्यस्थल प्रदान करना है, जिससे उनकी कार्यशैली में सकारात्मक परिवर्तन आए और वे अधिक दक्षता से अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकें। उद्घाटन समारोह के पश्चात महोदय ने थाना धानेपुर में नियुक्त चौकीदारों को निःशुल्क साइकिलें वितरित की गईं। यह साइकिलें उन्हें अपने क्षेत्र में त्वरित गश्त, सूचना संप्रेषण और कर्तव्यों के दक्षतापूर्वक निर्वहन हेतु प्रदान की गईं। महोदय ने सभी चौकीदारों को संबोधित करते हुए कहा कि आप सभी पुलिस व्यवस्था की जड़ हैं। गाँव-देहात की सुरक्षा में आपकी भूमिका अत्यंत महत्त्वपूर्ण है। यह साइकिलें न केवल आपकी सुविधा के लिए हैं, बल्कि इससे आप और अधिक समयबद्ध, सक्रिय एवं उत्तरदायी ढंग से कार्य कर सकें। महोदय ने उपस्थित सभी चौकीदारों को अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने, किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल थाना प्रभारी को उपलब्ध कराने एवं आमजन के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध बनाए रखने हेतु निर्देश भी दिया। तत्पश्चात महोदय द्वारा थाना परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
*इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी श्री मनोज कुमार रावत, क्षेत्राधिकारी सदर सुश्री शिल्पा वर्मा, प्र0नि0 धानेपुर सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण व थाने के समस्त चौकीदार उपस्थित रहें।
Next Story