- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Gonda: बाराबंकी से...

गोण्डा: जिले में भांग की दुकानों पर खुलेआम गांजा की बिक्री का गोरखधंधा यूं ही नहीं चल रहा है, बल्कि सूत्र बताते हैं कि इसके तार बाराबंकी में बैठे एक रसूखदार व्यक्ति से जुड़े हुए हैं। वहीं से वह इस अवैध नेटवर्क को संचालित करने का काम करता है। जिले में उसकी आमद महीने में एक या दो बार ही होती है। बड़े से बड़ा मामला भी वह अपनी पहुंच और रसूख के बल पर बाराबंकी में बैठकर ही निपटा लेता है।
जिले के तरबगंज-रगडग़ंज से लेकर करीब दो दर्जन स्थानों पर भांग की दुकानों पर अवैध रूप से गांजा बिक्री करने का गोरखधंधा जिम्मेदारों की छत्रछाया में बेरोकटोक फल-फूल रहा है। ठेके की इन दुकानों पर भांग की आड़ में गांजा बेचने का काला कारोबार चलता है। चिलम व सिगरेट में गांजा भरकर धुंआ उड़ाते हुए युवाओं को नशे का आदी बनाया जा रहा है। जिलेभर में फैले इन दुकानों के जरिए बड़ी संख्या में इलाके के युवा व छात्र गांजा की लत के आदी होते जा रहे हैं और जिम्मेदार अधिकारी व कर्मचारी अंजान बनने का ढोंग कर रहे हैं। इससे न केवल बड़ी तेजी से युवा पीढ़ी और स्कूल-कॉलेज के छात्र नशे की गिरफ्त में होते जा रहे हैं, बल्कि भांग के दुकानदार अपने आर्थिक लाभ के लिए नई पीढ़ी की जिंदगी से खिलवाड़ करने से जरा सा भी नहीं हिचकते हैं।
सूत्रों का कहना है कि तरबगंज व रगडग़ंज से लेकर वजीरगंज, नवाबगंज, बभनान, गौरा चौकी, सादुल्लाहनगर समेत जिलेभर में एक मजबूत रैकेट काम कर रहा है। इसकी पकड़ और सेटिंग इतनी मजबूत है कि किसी भी तरह का मामला होने पर मैनेज कर लिया जाता है। मामले को मैनेज कराने में कुछ खाकी, खादी वालों के साथ ही कथित रूप से मीडिया से जुड़े लोग भी लगाए जाते हैं, जो इधर-उधर नेटवर्क जोडक़र मामले दबवाने का काम करते हैं। सूत्र बताते हैं कि तरबगंज व रगडग़ंज के साथ ही जिलेभर में स्थित भांग की दुकानों पर गांजा के साथ ही अन्य मादक पदार्थों की बिक्री किए जाने की जानकारी इलाकाई पुलिस व आबकारी विभाग को होने के बाद भी न तो इस ओर ध्यान दिया जा रहा है और न ही कार्रवाई की जा रही है।
जिम्मेदार अधिकारी नहीं कर रहे कार्रवाई
इससे इस गोरखधंधे को परवान चढ़ाकर युवाओं की जिंदगी बर्बाद करने वाले जहां खुद मालामाल हो रहे हैं, वहीं युवा और उनके परिजन कंगाल हो रहे हैं। इलाकाई पुलिस की शिथिलता के चलते बाकायदा दिन भर महफिल सजाकर चिलम व सिगरेट में गांजा डालकर धड़ल्ले से धुंआ उड़ाया जाता है। रूपए कमाने के चक्कर में गांजा का अवैध धंधा करने वाले जहां मालामाल हो रहे हैं, वहीं क्षेत्र के युवा व गरीब तबके के लोग नशे के आदी होते जा रहे हैं। बताया जाता है कि बेरोजगार नवयुवक नशे की लत पूरी करने के लिए अपने घरों के अलावा बाजारों में छोटी-बड़ी चोरी करने से भी नहीं हिचकते हैं। सूत्र बताते हैं कि भांग की दुकानों के अलावा भी पुलिस की जानकारी में कई जगहों पर असरदार लोगों की छत्रछाया में गांजे की पुडिय़ा बेची जा रही है। युवाओं को बर्बाद करने का यह अवैध धंधा जिले में चप्पे-चप्पे पर फल-फूल रहा है, जिसको लेकर लोग फिक्रमंद हैं, लेकिन पुलिस और आबकारी विभाग के जिम्मेदार अधिकारी एवं कर्मचारी मुठ्ठी गर्म होने के चलते आंखें बंद किए हुए हैं।
जिले के इन स्थानों पर की जा रही गांजा की बिक्री
जिले के तरबगंज, रगडग़ंज, बालपुर, करनैलगंज, चौरी चौराहा, परसपुर, इटियाथोक, महराजगंज, गौरा चौकी, कटरा शिवदयालगंज, लोलपुर, धानेपुर, बाबागंज, बग्गी रोड, वजीरगंज, नवाबगंज कटी तिराहा, पारा सराय, मेठिया चौराहा (तरबगंज), भंभुआ, कटरा बाजार, कौडिय़ा, खोड़ारे, छपिया, मसकनवा, मछली गांव (मनकापुर), कुड़ासन बाजार आदि स्थानों पर भांग की दुकानों पर खुल्लम-खुल्ला गांजा बिक्री की जा रही है।
एसओजी पर भी उठाई जा रही उंगलियां
जिले की आपराधिक घटनाओं के खुलासे के साथ ही अन्य गंभीर मामलों व अवैध कारोबारों का पता लगाकर उनका पर्दाफाश करते हुए अवैध धंधे के नेटवर्क को ध्वस्त करने तथा इसमें संलिप्त लोगों को दबोचकर कानून की सलाखों के पीछे धकेलने का काम स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) का है, लेकिन तमाम मामलों का खुलासा कर वाहवाही बटोरने वाली एसओजी टीम जिलेभर में चल रहे अवैध गांजे के नेटवर्क का राजफाश क्यों नहीं कर पा रही है? आए दिन मीडिया में खबरें प्रकाशित व प्रसारित होने तथा गांजा बिक्री का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद भी आखिर एसओजी टीम क्यों चुप्पी साधे हुए रहती है? ऐसे तमाम सवाल हैं, जो जिले की एसओजी टीम की कार्यशैली पर उंगलियां उठा रहे हैं।
क्या कहते हैं जिला आबकारी अधिकारी
जिले के आबकारी अधिकारी प्रगल्भ लवानिया का कहना है कि भांग की दुकानों पर सिर्फ और सिर्फ भांग की ही बिक्री की जा सकती है। उन्होंने बताया कि मनकापुर कोतवाली क्षेत्र के कुड़ासन बाजार में सरकारी भांग की दुकान पर गांजा बेचे जाने की शिकायत मिली है। इसके साथ ही जिले की सभी भांग की दुकानों की जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी निकालकर आएगा, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।





