उत्तर प्रदेश

Ghaziabad: संयुक्त अस्पताल की लिफ्ट फिर बनी परेशानी, लाखों खर्च बेकार

Admindelhi1
21 Jun 2025 2:06 PM IST
Ghaziabad: संयुक्त अस्पताल की लिफ्ट फिर बनी परेशानी, लाखों खर्च बेकार
x

गाजियाबाद: संयुक्त जिला अस्पताल में लगी लिफ्ट करा संचालन एक बार फिर बंद हो गया है। आठ साल पहले इस लिफ्ट को लगाया गया था, लेकिन लिफ्टमैन न होने की वजह से एक दिन भी इसका संचालन नहीं हो सका। कुछ समय पहले एमएलसी दिनेश गोयल ने मामले को विधानसभा में उठाया था, जिसके बाद मरम्मत तो कराई गई, लेकिन अब तक लिफ्टमैन तैनात नहीं हो पाया, जिस वजह से लिफ्ट का संचालन ठप है।

संयुक्त जिला अस्पताल में लगी इस लिफ्ट को दोबारा से चालू कराने के लिए शासन से तीन लाख रुपये का बजट मिला था। लिफ्ट की मरम्मत कराई गई और ट्रायल के लिए पहले दूसरे दिन संचालित किया गया। उसके बाद कुछ ही दिनों में लिफ्ट में दो बार बच्चे फंस गए, स्टाफ सहित कई लोग फंस गए थे, जिसके बाद इसको बंद कर दिया गया है। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि लिफ्टमैन की तैनाती नहीं हो पाई है और इसके बिना संचालन पर कभी भी कोई हादसा हो सकता है। अस्पताल में दूसरे फ्लोर पर लैब, पोस्ट आॅपरेशन और प्री आॅपरेशन वार्ड हैं। वार्ड में रोजाना 15-20 मरीज शिफ्ट होते हैं वहीं लैब में बुजुर्ग, बीमार, गर्भवती महिलाओं की जांच होती है। लिफ्ट ना होने की वजह से मरीजों को खासी परेशानी होती है खासकर गर्भवती महिलाओं को। उनकी सुविधा के लिए लगातार मांग के बाद लिफ्ट लगाई गई थी लेकिन लाखों खर्च किए गए लेकिन एक लिफ्टमैन तैनात नहीं किया जा सका।

15 लाख लिफ्ट पर हो चुके हैं खर्च: लिफ्ट में 15 लाख खर्च किए जा चुके हैं लेकिन 10-15 हजार के लिए लिफ्टमैन की तैनाती नहीं की जा सकी है। 2016 में 12 लाख की लागत से लिफ्ट लगाई थी। दुबारा इस वर्ष मरम्मत के लिए तीन लाख का खर्च किया गया है लेकिन फिर भी बंद पड़ा है। तीन शिफ्ट में लिफ्टमैन तैनात करने के लिए अनुमानित 15 हजार की दर से 35-40 हजार का खर्चा प्रतिमाह हो सकता है। इसके लिए शासन से कोई बजट नहीं मिलता है।

सीएमएस डॉ. संजय गुप्ता ने बताया कि लिफ्ट में स्टेबलाइजर सहित कुछ और उपकरण लगने हैं। इसके लिए कोटेशन भेजा गया है। एक से डेढ़ लाख रुपये के खर्च होने के बाद यह सही तरह से संचालित होने लगेगा। फिलहाल वोल्टेज अपडाउन होने की वजह से कई बार लिफ्ट फंस चुकी है, इसलिए संचालन बंद रखा गया है। कार्य होने के बाद बिना लिफ्टमैन के भी संचालन हो सकेगा।

Next Story