- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Saharanpur में खाद्य...
Saharanpur में खाद्य विभाग का एक्शन, टोमैटो और चिली सॉस के नमूने लिए

Saharanpur सहारनपुर : खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मिलावट पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सहारनपुर में बड़ी कार्रवाई की गई। विभाग की टीम ने छजुपुरा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित शिवलोक फूड प्रोडक्ट पर छापेमारी कर निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने मौके से टोमैटो सॉस और रेड चिली सॉस के दो नमूने संग्रहित कर जांच के लिए खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला भेज दिए हैं।
प्रशासन के अनुसार, शासन के आदेश और जिलाधिकारी सहारनपुर अरविंद कुमार चौहान के निर्देशों के क्रम में जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच और मिलावटखोरी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शिवलोक फूड प्रोडक्ट पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रतिष्ठान में तैयार किए जा रहे और बिक्री के लिए रखे गए विभिन्न खाद्य उत्पादों की जांच की। टीम को मौके पर अचार, टोमैटो सॉस, रेड चिली सॉस, सोया सॉस और सिंथेटिक विनेगर बिक्री के लिए तैयार अवस्था में मिले। इसके अलावा प्रतिष्ठान में अचार की पैकिंग का काम भी संचालित पाया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि निरीक्षण के दौरान कुछ खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर नियमानुसार नमूने लिए गए। टीम ने बिक्री के लिए रखे गए टोमैटो सॉस और रेड चिली सॉस के नमूने एकत्र किए और उन्हें जांच के लिए खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला भेज दिया गया है।
अधिकारियों के मुताबिक, प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच रिपोर्ट में खाद्य पदार्थों में किसी प्रकार की मिलावट या मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि जिले में मिलावटखोरी रोकने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। अधिकारियों का कहना है कि आम जनता को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए बाजारों, दुकानों और खाद्य निर्माण इकाइयों का समय-समय पर निरीक्षण किया जा रहा है।
विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य पदार्थों का निर्माण और बिक्री करने वाले प्रतिष्ठानों में सतर्कता बढ़ गई है। अधिकारियों ने सभी खाद्य कारोबारियों को निर्देश दिए हैं कि वे खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करें और गुणवत्तापूर्ण सामग्री ही तैयार कर बाजार में उपलब्ध कराएं।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे खाद्य पदार्थ खरीदते समय उनकी गुणवत्ता, पैकिंग और निर्माण तिथि का ध्यान रखें। किसी भी तरह की संदिग्ध खाद्य सामग्री मिलने पर इसकी सूचना संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।





