उत्तर प्रदेश

Firozabad: 8 साल की बच्ची से रेप और हत्या के मुख्य आरोपी को उम्रकैद

Sarita
31 July 2025 6:13 AM IST
Firozabad: 8 साल की बच्ची से रेप और हत्या के मुख्य आरोपी को उम्रकैद
x
Firozabad फिरोजाबाद: फिरोजाबाद के विशेष न्यायाधीश पॉक्सो कोर्ट मुमताज अली ने बुधवार को ऐतिहासिक और सख्त फैसला सुनाते हुए 8 साल की मासूम बच्ची से दुष्कर्म और हत्या करने वाले आरोपी कौशल को आजीवन कारावास (अंतिम सांस तक) की सजा सुनाई। अदालत ने आरोपी के माता-पिता और भाई को भी साक्ष्य छिपाने और शव को ठिकाने लगाने का दोषी मानते हुए सात-सात साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई। सभी आरोपियों पर दो-दो लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। जुर्माना न देने पर उन्हें अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।
विशेष लोक अभियोजक अवधेश भारद्वाज ने बताया कि घटना नारखी थाना क्षेत्र की है, जहां करीब एक माह पहले आठ साल की बच्ची अपनी नानी के घर आई थी। इस दौरान पड़ोसी कौशल ने बच्ची को चाउमीन का लालच देकर बहला-फुसलाकर उसके साथ हैवानियत की। इसके बाद उसकी हत्या कर शव को बोरे में भरकर ठिकाने लगा दिया। पुलिस ने मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी कौशल को गिरफ्तार कर लिया। जाँच में यह भी पता चला कि हत्या के बाद उसके माता-पिता और भाई ने शव छिपाने में उसकी मदद की थी। न्यायाधीश ने अपने फैसले में कहा कि ऐसे अपराधों में समाज को एक कड़ा संदेश देना ज़रूरी है, ताकि मासूमों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
रविशंकर प्रसाद, एसपी सिटी, फ़िरोज़ाबाद: "पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की, साक्ष्य जुटाए और अभियोजन पक्ष की मदद से दोषियों को सज़ा दिलाई। ऐसे मामलों में न्याय दिलाना हमारी प्राथमिकता है।"
मृतक लड़की के पिता विष्णु गुप्ता: "अभी हम अपनी बेटी को वापस तो नहीं पा सकते, लेकिन अदालत के फैसले ने दिल को थोड़ी राहत ज़रूर दी है। हम चाहते हैं कि ऐसे दरिंदों को कड़ी से कड़ी सज़ा मिले, ताकि कोई और मासूम इसका शिकार न बने।" आपको बता दें कि यह फैसला पूरे प्रदेश के लिए एक मिसाल है कि अदालत मासूमों पर अत्याचार करने वालों को कभी नहीं बख्शती।
Next Story