- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Kasturba गांधी...
Kasturba गांधी विद्यालय में शॉर्ट सर्किट से आग, प्रशासन ने संभाला मोर्चा

Hathras हाथरस : उत्तर प्रदेश के हाथरस जनपद में शनिवार दोपहर कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के मोहल्ला रमनपुर स्थित विद्यालय की ऊपरी मंजिल के एक कमरे में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। हादसे के समय कमरे में कोई छात्रा मौजूद नहीं थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। विद्यालय में रहने वाली सभी 21 छात्राएं सुरक्षित हैं।
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब दो बजे विद्यालय की ऊपरी मंजिल स्थित एक कमरे से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। धुआं देखकर छात्राओं और विद्यालय स्टाफ में हड़कंप मच गया। जब तक लोग कुछ समझ पाते, कमरे में रखा सामान आग की चपेट में आ चुका था। गनीमत रही कि जिस समय आग लगी, उस वक्त सभी छात्राएं नीचे स्थित मेस में भोजन कर रही थीं।
विद्यालय के शिक्षकों ने तुरंत पुलिस और अग्निशमन विभाग को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि मौके पर पहुंची छोटी दमकल गाड़ी का पानी जल्द खत्म हो गया, जिसके बाद विद्यालय परिसर में मौजूद पानी की टंकी से मशीन लगाकर आग पर काबू पाने की कोशिश की गई।
कड़ी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया गया। आग की वजह से कमरे में रखे बिस्तर, कपड़े और अन्य सामान जलकर खराब हो गए। हालांकि समय रहते कार्रवाई होने से आग को अन्य कमरों तक फैलने से रोक लिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और विद्यालय के स्टाफ तथा छात्राओं से बातचीत कर घटना की जानकारी ली।
डीएम और एसपी ने छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और उन्हें भरोसा दिलाया कि उनकी सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। अधिकारियों ने आग लगने के कारणों की जांच के निर्देश दिए हैं। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि पूरी स्थिति जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
प्रशासनिक अधिकारियों ने विद्यालय प्रबंधन को बिजली व्यवस्था की जांच कराने और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने को कहा गया है।
स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने राहत की सांस ली कि हादसे में किसी छात्रा को नुकसान नहीं पहुंचा। प्रशासन अब विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर रहा है, ताकि छात्राओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।





