उत्तर प्रदेश

शादी का सपना दिखाकर महिला से ऐंठे 4 लाख रुपये

Saba Naaz
11 July 2026 8:37 PM IST
शादी का सपना दिखाकर महिला से ऐंठे 4 लाख रुपये
x

कानपुर: एक महिला मेट्रिमोनियल साइट के जरिए साइबर ठगी का शिकार हो गई। हमसफर की तलाश में बनाई गई प्रोफाइल के बाद एक युवक ने खुद को यूके में रहने वाला विदेशी कारोबारी बताकर महिला से दोस्ती की और धीरे-धीरे उसका भरोसा जीत लिया। इसके बाद गिफ्ट पार्सल और कस्टम शुल्क के नाम पर महिला से करीब चार लाख रुपये ठग लिए गए। पीड़िता ने मामले की शिकायत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दर्ज कराई है।

जानकारी के मुताबिक, मामला कानपुर के बर्रा क्षेत्र का है। महिला ने बताया कि उनकी पहली शादी से एक बच्चा है। पति से अनबन के बाद वह मायके में रह रही हैं। सहेलियों की सलाह पर उन्होंने दोबारा जीवनसाथी की तलाश के लिए एक मेट्रिमोनियल साइट पर अपना प्रोफाइल बनाया था।

प्रोफाइल बनाने के कुछ समय बाद एक युवक ने उनसे संपर्क किया। युवक ने अपना नाम आरव पाटिल बताया और खुद को गुजरात का मूल निवासी व वर्तमान में यूके में रहने वाला कारोबारी बताया। उसने महिला से बातचीत शुरू की और धीरे-धीरे विश्वास का रिश्ता बना लिया। युवक ने शादी करने की इच्छा जताई और भविष्य को लेकर कई तरह के सपने दिखाए।

कुछ समय बाद ठग ने महिला को बताया कि वह उसके लिए विदेश से एक महंगा गिफ्ट पार्सल भेज रहा है। इसके बाद महिला को फोन और मैसेज के जरिए बताया गया कि पार्सल भारत पहुंच गया है, लेकिन उसे छुड़ाने के लिए कस्टम शुल्क और अन्य जरूरी भुगतान करना होगा।

विदेशी कारोबारी पर भरोसा कर महिला ने ठगों के बताए खातों में अलग-अलग किस्तों में करीब चार लाख रुपये जमा कर दिए। पैसे देने के बाद जब महिला को न तो कोई पार्सल मिला और न ही युवक से सही जवाब मिला तो उसे शक हुआ। इसके बाद उसने मामले की जानकारी साइबर पुलिस को दी।

पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने बातचीत के दौरान उसे भरोसा दिलाया था कि वह जल्द भारत आएगा और शादी करेगा। इसी भरोसे के कारण वह ठग की बातों में आ गई। पुलिस और साइबर टीम अब मामले की जांच कर रही है और आरोपी के मोबाइल नंबर, बैंक खातों और डिजिटल लेनदेन की जानकारी जुटाई जा रही है।

साइबर विशेषज्ञों के अनुसार, मेट्रिमोनियल साइट पर दोस्ती के नाम पर होने वाली ठगी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। ठग अक्सर खुद को विदेश में रहने वाला कारोबारी, इंजीनियर या बड़ी कंपनी का अधिकारी बताकर लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं। इसके बाद गिफ्ट, इमरजेंसी, कस्टम फीस या अन्य बहानों से पैसे की मांग करते हैं।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन रिश्तों में सावधानी बरतें। किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर पैसे ट्रांसफर न करें और गिफ्ट पार्सल या कस्टम शुल्क के नाम पर आने वाले संदेशों की अच्छी तरह जांच करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन या नजदीकी साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराएं।

Next Story