उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद विधायक रिपोर्ट कार्ड: सड़क-बिजली में सुधार, बाढ़ पर सवाल

Saba Naaz
21 July 2026 8:31 PM IST
फर्रुखाबाद विधायक रिपोर्ट कार्ड: सड़क-बिजली में सुधार, बाढ़ पर सवाल
x

फर्रुखाबाद। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए अब जनता अपने जनप्रतिनिधियों के कामकाज का मूल्यांकन करने लगी है। गांव की चौपाल से लेकर शहर के बाजारों तक विकास कार्यों और अधूरे वादों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। फर्रुखाबाद जिले की कायमगंज (सुरक्षित) विधानसभा सीट से 2022 में अपना दल (एस) के टिकट पर विधायक चुनी गईं डॉ. सुरभि के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड सामने आया है। इसमें जहां बिजली और सड़क जैसी सुविधाओं में सुधार दिखाई देता है, वहीं बाढ़ नियंत्रण, स्वास्थ्य सेवाओं और रोजगार के मुद्दों पर लोगों में असंतोष भी नजर आया।

विधायक के कार्यकाल में क्षेत्र की बिजली व्यवस्था में पहले की तुलना में सुधार का दावा किया गया है। ग्रामीण इलाकों में अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाए गए और नई बंच केबल बिछाई गईं, जिससे शुरुआती समय में बिजली आपूर्ति बेहतर हुई। इसके अलावा विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण सड़कों के निर्माण और चौड़ीकरण का काम भी हुआ। कायमगंज-अचरा, नवाबगंज-संकिसा सहित कई प्रमुख मार्गों के सुधार से लोगों को आवागमन में सुविधा मिली।

क्षेत्र में करीब 12 प्रमुख सड़कों के निर्माण और चौड़ीकरण के साथ ही छोटी सड़कों और इंटरलॉकिंग कार्यों का भी दावा किया गया है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में छोटे पुलों और पुलियों के निर्माण से ग्रामीण संपर्क बेहतर करने की कोशिश की गई। विधायक निधि से भी कई विकास कार्य कराए जाने की जानकारी दी गई है।

स्वास्थ्य क्षेत्र में कुछ सुविधाओं का विस्तार जरूर हुआ, लेकिन डॉक्टरों की कमी अब भी बड़ी समस्या बनी हुई है। कायमगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अल्ट्रासाउंड, हेल्थ एटीएम और आधुनिक पैथोलॉजी जैसी सुविधाएं शुरू की गईं, लेकिन पर्याप्त चिकित्सक नहीं होने से मरीजों को इनका पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि केवल संसाधन बढ़ाने से स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर नहीं होंगी, इसके लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती भी जरूरी है।

कायमगंज क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या बाढ़ नियंत्रण को लेकर बनी हुई है। कंपिल क्षेत्र से शमसाबाद तक करीब एक सैकड़ा गांव हर साल बाढ़ की समस्या से प्रभावित होते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गंगा किनारे तटबंध बनाने का वादा अब तक पूरा नहीं हुआ है। हालांकि विधायक की ओर से दावा किया गया है कि तटबंध निर्माण के लिए सर्वे पूरा हो चुका है और प्रस्ताव प्रक्रिया में है। लेकिन जनता का कहना है कि केवल सर्वे से समस्या का समाधान नहीं होगा, जमीन पर काम दिखाई देना चाहिए।

रोजगार के मुद्दे पर भी लोगों की नाराजगी सामने आई है। क्षेत्र की बंद पड़ी कंपिल कताई मिल को लेकर लंबे समय से मांग उठ रही है। विधायक ने कताई मिल क्षेत्र को औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित करने और रोजगार के अवसर पैदा करने का दावा किया है, लेकिन चीनी मिल विस्तार और पुराने उद्योगों के पुनर्संचालन में अभी तक कोई बड़ी प्रगति नहीं हुई है। पूर्व कर्मचारियों का कहना है कि बंद मिल के कारण बेरोजगार हुए श्रमिकों की समस्याओं का समाधान भी जरूरी है।

नगर क्षेत्र में अतिक्रमण और जाम की समस्या भी बनी हुई है। लोगों का कहना है कि शहर की यातायात व्यवस्था और सफाई जैसे मुद्दों पर अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। शिक्षा क्षेत्र में भी कई चुनौतियां हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों ने चिंता जताई है।

विधायक डॉ. सुरभि का दावा है कि उनके कार्यकाल में औद्योगिक विकास के लिए पहल की गई है। कताई मिल क्षेत्र को इंडस्ट्रियल एरिया घोषित करने का प्रस्ताव स्वीकृत हो चुका है, जिससे भविष्य में रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है। इसके अलावा महिला सुरक्षा के लिए महिला थाना, फायर स्टेशन, पर्यटन विकास और अन्य परियोजनाओं की स्वीकृति मिलने की बात भी कही गई है।

सदन में विधायक की उपस्थिति 100 प्रतिशत रही है। उन्होंने विधानसभा में बाढ़ नियंत्रण, कंपिल को पर्यटन सर्किट से जोड़ने और क्षेत्र की अन्य समस्याओं से जुड़े कई मुद्दे उठाए हैं।

हालांकि जनता का कहना है कि विकास कार्य हुए हैं, लेकिन क्षेत्र की मूल समस्याओं जैसे बाढ़, स्वास्थ्य सेवाएं, रोजगार और उद्योगों के पुनर्जीवन पर अभी और काम की जरूरत है। कायमगंज विधानसभा क्षेत्र में विकास की तस्वीर मिली-जुली नजर आती है, जहां कुछ क्षेत्रों में प्रगति हुई है तो कुछ बड़े मुद्दे अब भी समाधान का इंतजार कर रहे हैं।

Next Story