उत्तर प्रदेश

Farrukhabad: प्रेम प्रसंग में युवती ने जहर खाकर दी जान

Admindelhi1
20 April 2026 5:41 PM IST
Farrukhabad: प्रेम प्रसंग में युवती ने जहर खाकर दी जान
x

फर्रुखाबाद: जनपद के शमसाबाद थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग के चलते एक युवती द्वारा जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवती की मौत के बाद परिजन बिना पुलिस को सूचना दिए अंतिम संस्कार की तैयारी में जुट गए, लेकिन समय रहते सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना शमसाबाद क्षेत्र के गांव फरीदपुर सैदवादा निवासी मनीष कुमार की 18 वर्षीय पुत्री अनुष्का का किसी युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी के चलते उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे इलाज के लिए कायमगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उसे डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।

लोहिया अस्पताल में उपचार के दौरान युवती की मौत हो गई। इसके बाद मृतका का भाई सागर बिना पुलिस को सूचना दिए शव को गांव ले गया और अंतिम संस्कार की तैयारी करने लगा। इसी बीच किसी व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दे दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और परिवार में कोहराम छा गया।

पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। प्रेम प्रसंग सहित अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके।

Next Story