उत्तर प्रदेश

बेटी की लव मैरिज से नाराज था परिवार, आगरा में दर्दनाक वारदात

Ratna Netam
3 Aug 2026 8:23 PM IST
बेटी की लव मैरिज से नाराज था परिवार, आगरा में दर्दनाक वारदात
x

उत्तर प्रदेश : आगरा जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पिता पर अपनी ही 22 वर्षीय बेटी की हत्या करने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि बेटी ने परिवार की मर्जी के खिलाफ भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के जवान से प्रेम विवाह किया था, जिससे नाराज होकर पिता ने कथित तौर पर उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पिता को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

मामला जैतपुर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार गांव नहटोली निवासी अंकिता शर्मा ने इसी साल फरवरी महीने में अमित पचौरी नाम के युवक से प्रेम विवाह किया था। अमित ITBP में जवान के पद पर तैनात है। दोनों एक-दूसरे को पहले से जानते थे और परिवार की सहमति नहीं मिलने के बाद उन्होंने कोर्ट मैरिज कर ली थी। शादी की जानकारी मिलने के बाद अंकिता के परिवार वाले काफी नाराज हो गए थे।

बताया गया कि शादी के बाद भी अंकिता अपने पति के साथ रहने के बजाय मायके में रह रही थी। इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता रहता था। परिवार वालों को बेटी का प्रेम विवाह मंजूर नहीं था। रविवार रात इसी विवाद ने कथित तौर पर खौफनाक रूप ले लिया।

ग्रामीणों के अनुसार रात करीब 12 बजे आसपास के लोगों ने अंकिता के चीखने की आवाज सुनी। आवाज सुनकर पड़ोसी घर के बाहर पहुंचे और दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। ग्रामीणों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस जब घर के अंदर दाखिल हुई तो अंकिता का शव मिला। उसके गले पर चोट के निशान थे। पुलिस को आशंका है कि उसकी गला घोंटकर हत्या की गई है। मौके पर मौजूद पिता विमल शर्मा शव के पास बैठा मिला। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने की तैयारी की जा रही थी, लेकिन इससे पहले ही ग्रामीणों की सतर्कता से मामला खुल गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते पुलिस नहीं पहुंचती तो आरोपी शव को कहीं और ले जाकर छिपा सकता था।

घटना के बाद अंकिता की मां सीता और भाई अंकुश घर पर नहीं मिले। ग्रामीणों का आरोप है कि हत्या के बाद पिता ने पत्नी और बेटे को घर से कहीं भेज दिया था। पुलिस दोनों की तलाश कर रही है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

डीसीपी पूर्वी अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह प्रेम विवाह सामने आ रही है। पुलिस ने हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या में आरोपी पिता के अलावा कोई और शामिल था या नहीं।

अंकिता पढ़ाई में भी आगे बढ़ना चाहती थी। उसने जैतपुर के सिद्धांतराज इंटर कॉलेज से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की थी। इसके बाद उसने ऊदी मोड़ स्थित कॉलेज से स्नातक किया। पड़ोसियों के अनुसार वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। सोमवार को उसकी रेलवे की परीक्षा भी थी, लेकिन उससे पहले ही उसकी जिंदगी खत्म कर दी गई।

पड़ोसियों ने बताया कि विमल शर्मा पिछले करीब 15 वर्षों से किराए के मकान में परिवार के साथ रह रहा था। परिवार में पत्नी, बेटा और बेटी अंकिता थे। अमित और अंकिता एक-दूसरे को काफी समय से जानते थे। दोनों ने परिवार की इच्छा के खिलाफ जाकर शादी की थी।

इस घटना ने एक बार फिर समाज में ऑनर किलिंग यानी परिवार की कथित इज्जत के नाम पर की जाने वाली हिंसा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, ग्रामीणों में इस घटना को लेकर काफी आक्रोश देखा जा रहा है।

Next Story