उत्तर प्रदेश

फर्जी आईएएस अधिकारी गिरफ्तार, लग्जरी गाड़ियों और फर्जी दस्तावेजों के साथ पुलिस ने किया भंडाफोड़

SHIDDHANT
3 Sept 2025 11:46 PM IST
सांकेतिक तस्वीर (AI)
x
LUCKNOW लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पुलिस ने एक फर्जी आईएएस अधिकारी को गिरफ्तार कर बड़ा खुलासा किया है। आरोपी लंबे समय से खुद को आईएएस बताकर लोगों को गुमराह कर रहा था और लग्जरी गाड़ियों में शान से घूम रहा था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके पास से लैपटॉप, फर्जी दस्तावेज और एक फोर व्हीलर गाड़ी जब्त की है। पुलिस जांच में सामने आया है कि फर्जी अधिकारी डिफेंडर, मर्सिडीज, फॉर्च्यूनर और क्रिस्टा जैसी महंगी गाड़ियों का इस्तेमाल करता था। इन गाड़ियों पर लगे विशेष पास और लाल-नीली बत्ती का भी पुलिस ने संज्ञान लिया है। फिलहाल, सभी गाड़ियों को जब्त कर उनके दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी गई है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना वजीरगंज प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में कारगिल पार्क के पास चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस ने UP 16 DP 2828 नंबर की गाड़ी को रोका। गाड़ी के पीछे की सीट पर बैठे एक शख्स ने शीशा नीचे कर खुद को आईएएस अधिकारी बताकर रौब झाड़ने की कोशिश की। उसने पुलिस टीम को अपना पहचान पत्र और विजिटिंग कार्ड भी दिखाया। पुलिस को शक हुआ और जब गाड़ी की तलाशी ली गई तो उसमें लाल-नीली बत्ती वाली दो लाइटें मिलीं। इसके अलावा, फर्जी पहचान पत्र, विजिटिंग कार्ड और अन्य दस्तावेज भी बरामद किए गए।
आरोपी फर्जी आईएएस खुद को प्रभावशाली बताने के लिए हमेशा महंगी गाड़ियों का इस्तेमाल करता था। उसकी गाड़ियों पर विशेष पास लगे होते थे, जिससे वह आसानी से वीआईपी क्षेत्रों में प्रवेश कर पाता था। यही नहीं, आरोपी के पास से मिले लैपटॉप में भी कई ऐसे दस्तावेज और फाइलें मिली हैं, जिनके जरिए वह खुद को असली अधिकारी साबित करने का प्रयास करता था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है। यह जांच की जा रही है कि वह कितने समय से लोगों को गुमराह कर रहा था और अब तक उसने किन-किन लोगों को अपने झांसे में लिया है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या इस पूरे नेटवर्क में और भी लोग शामिल हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और फर्जी दस्तावेजों की जांच के लिए उन्हें संबंधित विभागों को भेजा जाएगा।
Next Story