उत्तर प्रदेश

Etawah :हाईटेंशन तार की चपेट में आने से दो मौत,गांव में पसरा मातम

Sarita
19 Jan 2025 8:18 AM IST
Etawah :हाईटेंशन तार की चपेट में आने से  दो मौत,गांव में पसरा मातम
x
Etawah इटावा: जसवंतनगर थाना क्षेत्र के एक गांव में खेत की रखवाली कर रहे दो सगे भाइयों की हाईटेंशन विद्युत लाइन के करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। एक साथ परिवार के दो सदस्यों की मौत की खबर सुनकर पूरा गांव शोक में डूब गया। क्षेत्र के गांव मीरखपुर पुठिया में शनिवार शाम को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसमें अपनी फसल की रखवाली कर रहे दो सगे भाइयों रामोतार उम्र 63 वर्ष व आज्जाराम उम्र 57 वर्ष पुत्रगण गंगादीन की हाईटेंशन तार की चपेट में आने से मौत हो गई।
बड़ा भाई रामोतार पुलिस विभाग से व छोटा भाई आज्जाराम सेना से सेवानिवृत्त था। दोनों अपने पैतृक गांव में रहकर खेतीबाड़ी का काम देखते थे। बताया गया कि दोनों भाई खेत पर लगे ट्यूबवेल के पास फसल की रखवाली कर रहे थे। इसी दौरान हाईटेंशन तार में करंट आ गया और छोटा भाई आज्जाराम इसकी चपेट में आ गया। बड़े भाई रामोतार ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गया। परिजन उन्हें तुरंत सैफई पीजीआई ले गए, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना पर बिजली विभाग के एसडीओ अरविंद कुमार ने बताया कि किसान भाई जानवरों से बचाव के लिए तार लगा रहे थे, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ। उन्होंने विभाग की किसी भी गलती से इनकार किया। इस दुखद घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस और प्रशासन मामले की जांच कर रहा है।इंस्पेक्टर क्राइम नरेंद्र मिश्रा ने बताया कि मीरखपुर पुठिया में तार की चपेट में आने से दो भाइयों की मौत हो गई।
Next Story