उत्तर प्रदेश

Etawah: पुलिस ने 12 घंटे में हत्या के आरोपी को दबोचा

Sarita
17 Nov 2025 8:31 AM IST
Etawah: पुलिस ने 12 घंटे में हत्या के आरोपी को दबोचा
x
Etawah इटावा: भरथना थाना क्षेत्र में एक युवक की जघन्य हत्या के मामले का पुलिस ने बेहद कम समय में खुलासा कर दिया। मात्र 12 घंटे के भीतर ही मुख्य आरोपी मनोज पुत्र लालाराम को गिरफ्तार कर लिया। मामला सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने इसे गंभीरता से लिया और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।मृतक मोहित (28) के पिता, तुर्कपुर गाँव निवासी करन पुत्र रामशंकर ने पुलिस को घटना की सूचना दी। उन्होंने बताया कि उनका बेटा रात में घर से निकला था, लेकिन सुबह उसका शव गाँव के पास ग्यारह बीघा पुलिया के नीचे पड़ा मिला। शव की हालत देखकर साफ लग रहा था कि उसकी बेरहमी से हत्या की गई है। शिकायत मिलने पर भरथना पुलिस ने एफआईआर संख्या 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने तुरंत आरोपियों की तलाश के लिए एक टीम गठित की और घटना की जाँच के निर्देश दिए। पुलिस टीम लगातार इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि हत्या में शामिल व्यक्ति तुर्कपुर-कुंआरा मार्ग पर रेलवे अंडरपास के पास कहीं भागने की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और इलाके की घेराबंदी कर आरोपी मनोज को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में मनोज ने अपना पूरा जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि करीब दो साल पहले मोहित ने उसके भाई आनंद कुमार के साथ मारपीट और बेइज्जती की थी। वह इसी रंजिश का बदला लेने की फिराक में था।
घटना वाली रात उसने मोहित को शराब पिलाई और नशे की हालत में अपने पास मौजूद चाकू से उसकी गर्दन पर कई वार किए। फिर एक पुलिया के पास उसके सिर पर ज़ोरदार वार करके उसकी हत्या कर दी और अंधेरे में मौके से फरार हो गया।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस त्वरित सफलता से स्थानीय निवासियों का पुलिस पर भरोसा बढ़ा है और अपराधियों में डर पैदा हुआ है।
Next Story