उत्तर प्रदेश

Etawah: हाईवे पर चलता कंटेनर बना आग का गोला, 40 लाख का फर्नीचर राख

Sarita
25 Dec 2025 11:36 AM IST
Etawah: हाईवे पर चलता कंटेनर बना आग का गोला, 40 लाख का फर्नीचर  राख
x
Etawah इटावा: बुधवार दोपहर आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दिल्ली से बेंगलुरु जा रहे एक DCM कंटेनर ट्रक में अचानक आग लग गई। कंटेनर में लदा करीब 40 लाख रुपये का फर्नीचर पूरी तरह जलकर खाक हो गया। गनीमत रही कि राहगीरों की सूझबूझ और तुरंत कार्रवाई से कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जसवंतनगर हाईवे के पास कंटेनर के पीछे चल रहे लोगों ने उसमें से धुआं निकलते देखा और ड्राइवर को रुकने का इशारा किया। ड्राइवर मनीष ने तुरंत कंटेनर को हाईवे की सर्विस रोड पर रोका और गेट खोला, तो देखा कि अंदर आग लगी हुई थी। गेट खोलते ही आग तेजी से फैल गई।
कंटेनर ड्राइवर मनीष ने बताया कि वह दिल्ली के कीर्ति नगर से चित्तूर होते हुए बेंगलुरु फर्नीचर ले जा रहा था। कंटेनर में सोफा सेट और दूसरा फर्नीचर लदा था, जो कुछ ही देर में आग में पूरी तरह जल गया।
आग लगने की सूचना मिलते ही सर्विस रोड पर पास के एक वॉशिंग सेंटर के कर्मचारियों ने तुरंत मदद करना शुरू कर दिया। वॉशिंग सेंटर पर मौजूद पंकज नाम के एक युवक ने बताया कि जैसे ही उन्होंने दूर से आग देखी, उन्होंने करीब आधे घंटे तक प्रेशर मशीन से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की। इसके बाद दो फायर टेंडर मौके पर पहुंचे और आग पर पूरी तरह काबू पाया, लेकिन तब तक कंटेनर और अंदर रखा सारा फर्नीचर जल चुका था।
इस घटना से कुछ देर के लिए हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। प्रशासन स्थिति का जायजा लेने मौके पर पहुंचा। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
Next Story