उत्तर प्रदेश

राधावल्लभ मंदिर की रेलिंग में दौड़ा करंट, पुलिसकर्मी घायल

Saba Naaz
11 July 2026 8:49 PM IST
राधावल्लभ मंदिर की रेलिंग में दौड़ा करंट, पुलिसकर्मी घायल
x

उत्तर प्रदेश: वृंदावन स्थित प्रसिद्ध राधावल्लभ मंदिर में शनिवार को बड़ा हादसा टल गया। मंदिर परिसर में लगी स्टील की रेलिंग में अचानक करंट दौड़ने से ड्यूटी पर तैनात एक सिपाही इसकी चपेट में आ गया और बेहोश होकर गिर पड़ा। उसे बचाने पहुंचे दो अन्य पुलिसकर्मियों को भी करंट का झटका लगा, जिससे वे भी गिर गए। गनीमत रही कि घटना के समय मंदिर में भीड़ अधिक नहीं थी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

जानकारी के अनुसार, यह घटना वृंदावन के राधावल्लभ मंदिर की है। श्रीहित हरिवंश महाप्रभु द्वारा स्थापित इस मंदिर में इन दिनों रासवंश की सेवा चल रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए मंदिर परिसर में स्टील की रेलिंग लगाई गई है।

बताया जा रहा है कि शनिवार शाम करीब पांच बजे मंदिर के पट खुलने के बाद श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे थे। मंदिर में कुछ समय बाद गर्भगृह का पर्दा डाल दिया गया। इसी दौरान परिसर में मौजूद स्टील की रेलिंग में अचानक बिजली का करंट आ गया।

उस समय ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी हरीश रेलिंग के संपर्क में आ गए और करंट लगने से वहीं गिर पड़े। उन्हें करंट की चपेट में देखकर आसपास मौजूद दो अन्य पुलिसकर्मी मदद के लिए दौड़े, लेकिन उन्हें भी करंट का तेज झटका लगा और वे कुछ दूरी पर जा गिरे।

घटना के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद लोगों और मंदिर कर्मचारियों ने तुरंत घायल पुलिसकर्मियों को संभाला। बेहोश हुए सिपाही हरीश को तत्काल इलाज के लिए रामकृष्ण मिशन अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अगर घटना के समय मंदिर में अधिक संख्या में श्रद्धालु मौजूद होते तो बड़ा हादसा हो सकता था। मंदिर में दर्शन के समय आमतौर पर काफी भीड़ रहती है, लेकिन घटना के समय सीमित संख्या में श्रद्धालु होने के कारण स्थिति नियंत्रण में रही।

घटना की सूचना मिलने के बाद मंदिर प्रबंधन और पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। करंट आने के कारणों की जांच की जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि बिजली की किसी तकनीकी खराबी या वायरिंग में गड़बड़ी के कारण रेलिंग में करंट आया होगा।

मंदिर प्रबंधन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है। अधिकारियों ने कहा है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जल्द ही पूरे परिसर की बिजली व्यवस्था और उपकरणों की जांच कराई जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो।

इस घटना ने धार्मिक स्थलों पर बिजली सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन और मंदिर प्रबंधन से श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतने की मांग की जा रही है।

Next Story