- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Saharanpu में चुनावी...
Saharanpu में चुनावी तैयारियां तेज, 82 बूथ परिवर्तन प्रस्तावों पर होगी जांच

Saharanpur सहारनपुर : आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के तहत जिले में मतदेय स्थलों (पोलिंग बूथ) के पुनर्गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद कुमार चौहान की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, सांसद, विधायकों और अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में नई तैयार की गई आलेख्य मतदान स्थल सूची पर चर्चा की गई और राजनीतिक दलों से सुझाव एवं आपत्तियां मांगी गईं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश के निर्देशों के अनुसार जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में मतदेय स्थलों का भौतिक सत्यापन कराया गया है। सत्यापन के दौरान 1200 से अधिक मतदाताओं वाले मतदान केंद्रों का विभाजन किया गया है, जबकि कम मतदाता संख्या वाले कुछ मतदेय स्थलों को अन्य केंद्रों में विलय करने की प्रक्रिया अपनाई गई है।
उन्होंने बताया कि सम्भाजन के बाद तैयार की गई प्रस्तावित मतदान स्थल सूची को जिले के सभी सांसद, विधायक और मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्षों एवं जिला सचिवों को पहले ही उपलब्ध करा दिया गया है। राजनीतिक दलों से इस सूची पर 10 जुलाई तक सुझाव और आपत्तियां मांगी गई थीं। अब यदि किसी दल या व्यक्ति को प्रस्तावित सूची पर कोई आपत्ति या सुझाव देना है तो वह अपने लेटरहेड पर लिखित रूप में तत्काल उपलब्ध करा सकता है, ताकि संबंधित उप जिलाधिकारी से जांच कराकर सूची को अंतिम रूप दिया जा सके।
बैठक में कई विधानसभा क्षेत्रों के बूथ परिवर्तन के प्रस्ताव सामने आए। सहारनपुर नगर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा महानगर अध्यक्ष शीतल बिश्नोई और विधायक राजीव गुम्बर की ओर से 40 बूथ परिवर्तन का आवेदन दिया गया है। वहीं सहारनपुर विधानसभा क्षेत्र में शीतल बिश्नोई द्वारा 2 बूथ परिवर्तन के लिए प्रस्ताव दिया गया है।
इसके अलावा नकुड़ विधानसभा क्षेत्र में विधायक मुकेश चौधरी की ओर से 7 बूथ परिवर्तन के लिए आवेदन किया गया है। देवबंद विधानसभा क्षेत्र में ग्राम जड़ौदा जट्ट निवासी अनिल कुमार ने 33 बूथ परिवर्तन के लिए आवेदन प्रस्तुत किया है। जिला प्रशासन ने इन सभी प्रस्तावित बूथों को लेकर अन्य राजनीतिक दलों से 15 जुलाई 2026 तक आपत्तियां मांगी हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में प्रस्तावित बूथ परिवर्तन वाले सभी मतदान केंद्रों की दोबारा गहन स्थलीय जांच कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सभी प्रक्रियाएं निर्वाचन आयोग के नियमों के अनुसार पारदर्शी तरीके से पूरी की जाएंगी।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष बहादुर सिंह, नगर मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह, सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ), सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी श्रवण कुमार सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी और जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
प्रशासन का कहना है कि मतदाताओं की सुविधा, सुगम मतदान व्यवस्था और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मतदेय स्थलों का पुनर्गठन किया जा रहा है। अंतिम सूची तैयार करने से पहले सभी सुझावों और आपत्तियों पर नियमानुसार विचार किया जाएगा।





