उत्तर प्रदेश

रावण दहन के समय शराबी युवकों ने मचाया बवाल और की छेड़खानी, 14 धरे गए

Admin Delhi 1
6 Oct 2022 7:31 AM GMT
रावण दहन के समय शराबी युवकों ने मचाया बवाल और की छेड़खानी, 14 धरे गए
x

मेरठ क्राइम न्यूज़: शहर के पांच स्थानों पर हुए रावण दहन के समय उमड़ी भीड़ में शामिल महिलाओं को मनचलों से परेशान होना पड़ा। पूरे समय पुलिस ऐसे मनचलों को सबक सिखाने में लगी रही। कई जगहों पर शराब के नशे में धुत युवकों को पुलिस ने पकड़ कर हवालात में डाल दिया। कुल मिलाकर देखा जाए तो पचास से अधिक मनचलों को पुलिस ने सबक सिखाया। सूरजकुंड के रावण दहन में शराबी युवकों ने कई युवतियों के साथ छेड़खानी की। युवतियों के शोर मचाने और शिकायत करने पर पुलिस ने 14 शराबी युवकों को हिरासत में लिया और थाने की हवालात में डाल दिया। हवालात में बंद युवक नशे में बुरी तरह से चूर थे। रामलीला मैदान में आयोजित रावण दहन में कई महिलाओं के साथ छेड़खानी की घटनाएं हुई। कुछ महिलाओं ने तो दो मनचलों को पकड़ कर पीट भी दिया था।

इससे अफरातफरी की स्थिति मच गई थी। माधवपुरम के मोड़ पर परिवार के साथ तीन बहनों के साथ दो मनचलों ने छेड़खानी कर दी। इस पर मारपीट हो गई और पुलिस ने आकर मनचलों को काबू में किया। भैंसाली मैदान के बाहर मनचलों ने शराब के नशे में बवाल किया। इन युवकों ने आती जाती महिलाओं पर कमेंटस और छेड़खानी कर दी। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने कई युवकों की पिटाई भी कर दी, लेकिन इसके बाद भी मनचले बाज नहीं आये और रामलीला के मंचन के समय छेड़खानी में लगे रहे। इसी तरह तोपखाना, रजबन और जेल चुंगी शराबी युवकों ने रंग में भंग करने की कोशिश की और आधा दर्जन से अधिक लोग छेड़खानी के आरोप में पकड़े गए।

Next Story