- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- ऑपरेशन सवेरा के तहत...
ऑपरेशन सवेरा के तहत Gangoh में नशा तस्करी का भंडाफोड़

Saharanpur सहारनपुर : (गंगोह)। सहारनपुर जनपद की थाना गंगोह पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन शातिर नशा तस्कर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 120 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 24 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त एक कार भी पुलिस ने जब्त की है।पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई को नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन सवेरा – नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर” के तहत बड़ी सफलता माना जा रहा है। यह अभियान पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में पूरे परिक्षेत्र के तीनों जनपदों में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध नशीली दवाओं की बिक्री और सप्लाई नेटवर्क को खत्म करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपी लंबे समय से क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार में सक्रिय थे और युवाओं को नशे की ओर धकेलने का काम कर रहे थे। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को पकड़ा और उनके पास से बड़ी मात्रा में स्मैक बरामद की।बरामदगी के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस तस्करी नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं तथा नशे की सप्लाई किन-किन क्षेत्रों तक की जा रही थी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी कीमत पर इस अवैध धंधे को फलने-फूलने नहीं दिया जाएगा। युवाओं को नशे से बचाने और समाज को सुरक्षित बनाने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।स्थानीय पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और लोगों ने भी इस कदम की सराहना की है। प्रशासन का कहना है कि नशा तस्करों के खिलाफ ऐसी कार्रवाइयां आगे भी जारी रहेंगी।





