उत्तर प्रदेश

Gurdwara Sahib कार सेवा बंडा में हुई अहम बैठक

Ratna Netam
29 Jun 2026 5:28 PM IST
Gurdwara Sahib कार सेवा बंडा में हुई अहम बैठक
x
समाज की एकता पर चर्चा

Shahjahanpur शाहजहांपुर : शाहजहांपुर उत्तर प्रदेश सिख गुरुद्वारा कोऑर्डिनेशन कमेटी के तत्वावधान में बरेली मंडल और लखनऊ मंडल की संयुक्त बैठक गुरुद्वारा साहिब कार सेवा, बंडा में गरिमामय वातावरण में आयोजित की गई। इस बैठक में शाहजहांपुर, पीलीभीत, बरेली, बदायूं, हरदोई और लखीमपुर खीरी सहित विभिन्न जिलों से आए 500 से अधिक सिख प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में सिख समाज के सामाजिक, धार्मिक, कानूनी और संगठनात्मक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा समाज को और अधिक संगठित बनाने के लिए रणनीति तैयार की गई।

बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ अधिवक्ता सरदार परविंदर सिंह ने की, जबकि मंच संचालन दशमेश अकादमी के प्रबंधक सरदार बलदेव सिंह ने किया। कार्यक्रम में विभिन्न गुरुद्वारा प्रबंधन समितियों, सिख सामाजिक संगठनों और समाज के गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।बैठक को संबोधित करते हुए सरदार परविंदर सिंह एडवोकेट ने कहा कि कमेटी का गठन प्रदेश की विभिन्न गुरुद्वारा प्रबंधन समितियों और सिख संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से किया गया है। उन्होंने कहा कि संस्था प्रदेश में रहने वाले लगभग 35 लाख सिखों के सामाजिक, शैक्षिक और कानूनी हितों की रक्षा के लिए लगातार कार्य करेगी।

उन्होंने आगे कहा कि कमेटी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज तक पहुंचाने का कार्य करेगी, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें। साथ ही विभिन्न समुदायों के बीच आपसी भाईचारे और संवाद को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान के अनुच्छेद 25 से 30 के अंतर्गत धार्मिक और भाषाई अल्पसंख्यकों के अधिकारों की रक्षा के लिए संस्था पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

बैठक में यह भी घोषणा की गई कि सिख समाज के मानवाधिकार और कानूनी सहायता के लिए शीघ्र ही एक सशक्त विधिक पैनल गठित किया जाएगा, जो जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता प्रदान करेगा। इसके साथ ही समाज को राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर उचित प्रतिनिधित्व दिलाने के प्रयास भी किए जाएंगे।महामंत्री सरदार मनदीप सिंह वालिया ने समाज की एकता पर जोर देते हुए कहा कि सिख समाज की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकजुटता है। उन्होंने सभी संगठनों से मतभेद भुलाकर समाजहित में कार्य करने की अपील की।

बैठक में शाहजहांपुर, बरेली, लखीमपुर, पूरनपुर और अन्य क्षेत्रों से आए प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार रखे और युवाओं को सामाजिक व धार्मिक गतिविधियों से जोड़ने पर बल दिया।अंत में बैठक का समापन समाज की एकता, अधिकारों की रक्षा और सेवा भावना के संकल्प के साथ किया गया। वक्ताओं ने विश्वास जताया कि यह कमेटी भविष्य में सिख समाज को मजबूत मंच प्रदान कर उनके हितों की रक्षा में अहम भूमिका निभाएगी।

Next Story