- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- देहरादून-ऋषिकेश फोरलेन...
देहरादून-ऋषिकेश फोरलेन प्रोजेक्ट पर धामी सरकार का अहम कदम

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून-ऋषिकेश 4-6 लेन परियोजना को लेकर बड़ा फैसला लिया है। पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय लोगों की चिंताओं को देखते हुए मुख्यमंत्री ने परियोजना के तहत होने वाले पेड़ों के कटान पर फिलहाल रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि जब तक सभी पक्षों के साथ संतोषजनक संवाद और सहमति का माहौल नहीं बनता, तब तक पेड़ों की कटाई नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड की प्रकृति, जनभावनाएं और राज्य का विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सरकार किसी भी योजना को आगे बढ़ाने से पहले सभी पक्षों की बात सुनेगी और व्यापक जनहित को ध्यान में रखकर निर्णय लिया जाएगा।
सीएम ने इस मामले में प्रमुख सचिव और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, पर्यावरण विशेषज्ञों और अन्य हितधारकों के साथ दोबारा विस्तृत संवाद स्थापित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि लोगों को विश्वास में लेकर ही आगे की कार्रवाई की जाए।
देहरादून-ऋषिकेश 4-6 लेन परियोजना भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की एक महत्वपूर्ण सड़क परियोजना है। इस परियोजना का उद्देश्य क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना और यात्रियों को तेज व सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है। हालांकि, परियोजना के लिए पेड़ों की कटाई को लेकर पर्यावरण प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने चिंता जताई थी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि परियोजना को सभी आवश्यक वैधानिक और पर्यावरणीय स्वीकृतियों के बाद ही आगे बढ़ाया जा रहा था। इसके साथ ही वन्यजीव संरक्षण का भी विशेष ध्यान रखा गया है। परियोजना में मानव-वन्यजीव संघर्ष और सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए करीब 3.5 किलोमीटर लंबे हाथी अंडरपास का प्रावधान किया गया है।
इसके अलावा छोटे वन्यजीवों के सुरक्षित आवागमन के लिए विशेष कल्वर्ट और अन्य व्यवस्थाएं भी प्रस्तावित हैं। सरकार का कहना है कि विकास कार्यों के साथ पर्यावरण संतुलन बनाए रखना भी जरूरी है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य के विकास के लिए सड़क परियोजनाएं जरूरी हैं, लेकिन विकास के नाम पर स्थानीय हितों और पर्यावरण की अनदेखी नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार न्यायालय के आदेशों और सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पूरा सम्मान करेगी।
गौरतलब है कि देहरादून-ऋषिकेश मार्ग राज्य के सबसे महत्वपूर्ण मार्गों में से एक है। यहां पर्यटन, व्यापार और स्थानीय आवागमन का दबाव लगातार बढ़ रहा है। इसी को देखते हुए सड़क चौड़ीकरण की योजना तैयार की गई थी। लेकिन पेड़ों की कटाई को लेकर उठे सवालों के बाद सरकार ने फिलहाल इस प्रक्रिया को रोकने का निर्णय लिया है।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद अब संबंधित विभाग सभी पक्षों के साथ बातचीत करेंगे और परियोजना को लेकर आगे की रणनीति तय की जाएगी। सरकार का प्रयास है कि विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाकर इस परियोजना को आगे बढ़ाया जाए।
सीएम धामी के इस फैसले को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। वहीं, स्थानीय लोगों और विशेषज्ञों के सुझावों के आधार पर परियोजना में संभावित बदलावों पर भी विचार किया जाएगा।





