- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- August में फ्री राशन...
August में फ्री राशन लेने की डेट जारी, यूपी में 18 अगस्त तक चलेगा वितरण अभियान

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में राशन कार्डधारकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अगस्त महीने के मुफ्त राशन वितरण की तारीख तय कर दी गई है। प्रदेश में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना (NFSA) के तहत पात्र लाभार्थियों को 5 अगस्त बुधवार से नि:शुल्क राशन मिलना शुरू होगा। राशन वितरण की प्रक्रिया 18 अगस्त तक चलेगी। सरकार ने सभी उचित दर की दुकानों पर समय से राशन पहुंचाने और लाभार्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
अगस्त महीने में अंत्योदय कार्डधारकों और पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को निर्धारित मात्रा के अनुसार खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाएगा। अंत्योदय राशन कार्ड धारकों को कुल 35 किलो राशन मिलेगा। इसमें 14 किलो गेहूं और 21 किलो चावल शामिल होगा। वहीं, पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को प्रति यूनिट पांच किलो राशन दिया जाएगा। इसमें दो किलो गेहूं और तीन किलो चावल शामिल रहेगा। यानी परिवार में जितने यूनिट दर्ज हैं, उसी के हिसाब से राशन का वितरण किया जाएगा।
राशन वितरण के लिए समय भी निर्धारित किया गया है। कोटे की दुकानों पर सुबह और शाम दो पालियों में राशन बांटा जाएगा। लाभार्थी सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक और फिर दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक अपने हिस्से का मुफ्त राशन प्राप्त कर सकेंगे। प्रशासन ने राशन दुकानदारों को निर्देश दिए हैं कि वितरण प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरती जाए और सभी पात्र लोगों को समय पर राशन उपलब्ध कराया जाए।
जिला पूर्ति अधिकारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि राशन वितरण से संबंधित किसी भी तरह की शिकायत के लिए लाभार्थी टोल फ्री नंबर 1967 और 1800-1800-150 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा उचित दर की दुकानों पर पोर्टेबिलिटी की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। इसका मतलब है कि लाभार्थी अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी अधिकृत राशन दुकान से राशन प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि जिन लाभार्थियों का आधार प्रमाणीकरण किसी तकनीकी कारण से नहीं हो पाएगा, उन्हें भी राशन से वंचित नहीं किया जाएगा। ऐसे लाभार्थियों को मोबाइल ओटीपी वेरीफिकेशन के माध्यम से मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जाएगा। यह सुविधा विशेष रूप से अंतिम दिन यानी 18 अगस्त को दी जाएगी, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से बाहर न रह जाए।
उत्तर प्रदेश में करोड़ों लोगों को इस योजना का लाभ मिल रहा है। प्रदेश के कई जिलों में बड़ी संख्या में लाभार्थी नियमित रूप से मुफ्त राशन प्राप्त कर रहे हैं। केवल 10 जिलों में ही तीन करोड़ से अधिक लोगों तक राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ पहुंच रहा है। इनमें प्रयागराज सबसे आगे है, जहां 42.10 लाख से अधिक लाभार्थी योजना से जुड़े हैं। इसके बाद जौनपुर में 34.93 लाख, सीतापुर में 34.05 लाख, आजमगढ़ में 33.41 लाख और बरेली में 31.69 लाख से अधिक लोगों को राशन मिल रहा है।
इसके अलावा हरदोई, लखीमपुर खीरी, गोरखपुर, आगरा और लखनऊ जैसे जिलों में भी लाखों परिवारों को मुफ्त खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। सरकार का कहना है कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली को तकनीक से जोड़ने के बाद राशन वितरण में पारदर्शिता बढ़ी है।
ई-पॉस मशीनों के जरिए आधार प्रमाणीकरण, ऑनलाइन निगरानी, डिजिटल रिकॉर्ड और नियमित जांच जैसी व्यवस्थाओं से वितरण प्रणाली को मजबूत बनाया गया है। इससे फर्जी लाभार्थियों पर रोक लगाने के साथ ही वास्तविक जरूरतमंदों तक राशन पहुंचाने में मदद मिली है।
प्रदेश सरकार का दावा है कि आधुनिक तकनीक और सख्त निगरानी व्यवस्था के कारण राशन वितरण प्रणाली पहले से अधिक प्रभावी हुई है। अगस्त महीने में भी सभी पात्र लाभार्थियों को समय पर मुफ्त राशन उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है।





