उत्तर प्रदेश

Friend's हुई शर्मसार, पत्नी से छेड़छाड़ के बाद दोस्त के आरोपी साथी ने दी धमकी

Ratna Netam
3 Aug 2026 5:58 PM IST
Friends हुई शर्मसार, पत्नी से छेड़छाड़ के बाद दोस्त के आरोपी साथी ने दी धमकी
x

उत्तर प्रदेश : फ्रेंडशिप डे के मौके पर जहां दोस्ती और भरोसे के रिश्ते को याद किया जाता है, वहीं उत्तर प्रदेश से दोस्ती को कलंकित करने वाली दो घटनाएं सामने आई हैं। बरेली और मैनपुरी में सामने आए मामलों में दोस्तों पर ही गंभीर आरोप लगे हैं। बरेली में एक युवक पर अपने दोस्त की पत्नी से छेड़छाड़ और बदनाम करने का आरोप लगा है, जबकि मैनपुरी में बीमा की रकम हड़पने के लिए दोस्त ने ही अपने साथी की हत्या की साजिश रच दी।

पहला मामला बरेली के कोतवाली क्षेत्र का है। यहां एक विवाहिता ने अपने पति के दोस्त पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। पीड़िता इज्जतनगर इलाके की रहने वाली है। महिला के अनुसार उसकी शादी वर्ष 2010 में हुई थी। उसके पति का दोस्त सुर्खा बानखाना निवासी शिवम काफी समय से उस पर गलत नजर रखता था।

महिला का आरोप है कि शिवम आए दिन उसके साथ छेड़छाड़ करता था। जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसे बदनाम करना शुरू कर दिया। आरोप है कि शिवम ने महिला के बारे में परिवार और आसपास के लोगों के बीच आपत्तिजनक बातें फैलानी शुरू कर दीं। इतना ही नहीं, उसने महिला के चरित्र पर भी सवाल उठाए और उसके संबंध उसके नंदोई से जोड़ने की कोशिश की।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उसकी बेटी को लेकर भी अभद्र टिप्पणी की और समाज में उसकी छवि खराब करने का प्रयास किया। परेशान होकर महिला पुलिस के पास शिकायत करने पहुंची। महिला का आरोप है कि शिकायत के बाद आरोपी ने उसे एसएसपी कार्यालय के पास रोक लिया और धमकी दी।

महिला के मुताबिक आरोपी ने खुद को भाजपा नेता बताते हुए कहा कि ज्यादा शिकायत करने पर उसे गोली मार देगा और उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

वहीं, दूसरी घटना मैनपुरी जिले से सामने आई है, जहां दोस्ती के रिश्ते को लालच ने खत्म कर दिया। यहां एक दोस्त ने बीमा की रकम पाने के लिए अपने ही साथी की हत्या की साजिश रच डाली। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

मामला बिछवां थाना क्षेत्र का है। ग्राम शाहपुर निवासी सुखवीर का शव 27 जुलाई को बाबा लालपुरी मार्ग के किनारे झाड़ियों में मिला था। शव मिलने के बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने जांच शुरू की और एक आरोपी को नगला कांकन के पास से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी आदित्य कुमार ने पुलिस के सामने पूरी घटना का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार आदित्य और सुखवीर के बीच दोस्ती थी। सुखवीर ने करीब दो साल पहले किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) के माध्यम से 1.40 लाख रुपये का लोन लिया था। आरोप है कि यह रकम आदित्य ने ले ली थी। इसके बाद सुखवीर लगातार आदित्य से पैसे वापस मांग रहा था।

पुलिस के मुताबिक पैसे लौटाने के दबाव से परेशान होकर आदित्य ने सुखवीर को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। बीमा की रकम हासिल करने के लालच में उसने हत्या की साजिश रची। पुलिस अब इस मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

दोनों घटनाओं ने दोस्ती जैसे भरोसेमंद रिश्ते पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर जहां बरेली में दोस्त पर विश्वास करने वाली महिला को कथित उत्पीड़न का सामना करना पड़ा, वहीं मैनपुरी में आर्थिक लालच में दोस्ती का खून कर दिया गया। पुलिस दोनों मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Next Story