उत्तर प्रदेश

पूजन के साथ अमवा बुजुर्ग में अंत्येष्टि स्थल का निर्माण शुरू

Gulabi Jagat
23 April 2025 11:30 PM IST
पूजन के साथ अमवा बुजुर्ग में अंत्येष्टि स्थल का निर्माण शुरू
x
Kushinagar: राजापाकड़/कुशीनगर: बुद्धवार को भाजपा के जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय ने विकासखण्ड तमकुही अंतर्गत ग्रामसभा अमवा बुजुर्ग में अंत्येष्टि स्थल के निर्माण के लिए ग्रामीणों की उपस्थिति में मंत्रोच्चार के बीच ईंट रखकर उसकी आधारशिला रखी।इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार गाँवों के विकास के लिए कृतसंकल्प है इसीलिए भविष्य में ग्रामीणों के समक्ष पैदा होने वाले अन्त्येष्टि स्थल जैसे समस्याओं के समाधान के लिए प्रयासरत है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्रामसभा अमवा बुजुर्ग में गाँव के पूरब तरफ स्थित बजुरही बारी के निकट मृतकों के अंत्येष्टि के लिए चकबंदी के दौरान ही 56 डिसमिल जमीन छाँट दिया गया था जहाँ इसका निर्माण शुरू हुआ। इस अंत्येष्टिस्थल पर शुष्क मौसम में तो शवों का दाह संस्कार आसानी से होता रहता है लेकिन कड़ी धूप एवं बरसात के दिनों में कच्चे रास्ते पर जल जमाव के चलते ग्रामीणों को मृतकों का अंतिम संस्कार करने में काफी परेशानी उठानी पड़ती है।इस समस्या को देखते हुए ग्रामप्रधान इंजीनियर अजय नाथ तिवारी द्वारा अथक प्रयास करने के बाद शासन ने अमवा बुजुर्ग में अंत्येष्टिस्थल निर्माण की स्वीकृति प्रदान की है।बुद्धवार को पं0 सन्तोष पाण्डेय द्वारा मंत्रोच्चार के बीच सैकड़ों ग्रामीणों की उपस्थिति में भाजपा के जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय ने निर्माण के लिए खोदे गये नींव में ईंट रखकर शवदाहगृह की आधारशिला रखी।इस सम्बन्ध में ग्रामप्रधान अजयनाथ तिवारी ने बताया कि अंत्येष्टिस्थल पर लकड़ी के भंडारण हेतु एक घर,अंत्येष्टि के समय उपस्थित ग्रामीणों के लिए एक विश्राम कक्ष,दो शवदाह गृह तथा एक शौचालय का निर्माण होगा।इसके अलावा अंत्येष्टि के बाद शुद्धिकरण हेतु ग्रामीणों को स्नान करने व शुद्ध पेयजल के लिए एक किनारे जलपम्प गड़ेगा।प्रधान ने कहा कि अंत्येष्टिस्थल तक आने वाले कच्चे मार्ग का खड़ंजा कराया जायेगा ताकि बरसात में आवागमन करने में दिक्कत ना हो इस अवसर पर खण्डविकास अधिकारी अनिल कुमार राय,सेवानिवृत्त खण्डविकास अधिकारी श्याम मुरली मनोहर मिश्र,एडीओ पंचायत रमायन गुप्ता,तकनीकी सहायक अमानुल्लाह अंसारी,महेन्द्र शर्मा,अनिरुद्ध दूबे, लल्लन कुशवाहा,हरिनरायण जौहरी, जयप्रकाश उपाध्याय,सीताराम प्रजापति,मिथिलेश तिवारी,सूरज शर्मा शिवलोचन प्रजापति व रामआधार चौहान सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।
Next Story