- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- वाराणसी में कांग्रेस...
वाराणसी में कांग्रेस ने किया वंदे मातरम् का सामूहिक गायन

वाराणसी। स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रीय चेतना और लोकतांत्रिक मूल्यों को याद करते हुए वाराणसी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘वंदे मातरम्’ गीत का सामूहिक गायन किया। कार्यक्रम लहुराबीर स्थित उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के आवासीय कार्यालय पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, वंदे मातरम् के रचयिता बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय और गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर हुई। इसके बाद कांग्रेसजनों ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया।
इस दौरान अजय राय ने कहा कि वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान करोड़ों भारतीयों के स्वाभिमान और देशभक्ति की भावना का प्रतीक रहा है। उन्होंने कहा कि यह गीत आजादी की लड़ाई में लोगों को एकजुट करने का माध्यम बना।अजय राय ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी वंदे मातरम् को केवल राजनीतिक मुद्दे के रूप में इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास स्वतंत्रता आंदोलन और राष्ट्रीय चेतना से जुड़ा रहा है।
उन्होंने बताया कि वंदे मातरम् का इतिहास भारतीय राष्ट्रीय आंदोलन से गहराई से जुड़ा है। बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचित यह गीत बाद में उनके उपन्यास ‘आनंदमठ’ का हिस्सा बना और स्वतंत्रता संग्राम के दौरान प्रेरणा का स्रोत बना। उन्होंने कहा कि वर्ष 1896 के कलकत्ता कांग्रेस अधिवेशन में गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर द्वारा वंदे मातरम् का गायन इस गीत के राष्ट्रीय आंदोलन से जुड़ाव की महत्वपूर्ण घटना थी। इसके बाद 1905 के स्वदेशी आंदोलन के दौरान भी यह गीत लोगों में उत्साह और आत्मसम्मान का प्रतीक बना।कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वतंत्रता सेनानियों को याद करते हुए देश की एकता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया।





