उत्तर प्रदेश

यूपी समेत पूरे उत्‍तर भारत में जारी है शीतलहर, कब मिलेगी सर्दी के सितम से राहत, मौसम विभाग ने की यह भविष्यवाणी

Renuka Sahu
28 Jan 2022 4:48 AM GMT
यूपी समेत पूरे उत्‍तर भारत में जारी है शीतलहर, कब मिलेगी सर्दी के सितम से राहत, मौसम विभाग ने की यह भविष्यवाणी
x

फाइल फोटो 

यूपी समेत पूरे उत्‍तर भारत में शीतलहर जारी है। आज सुबह छाई धुंध की वजह से कई स्‍थानों पर विज़िबिलिटी कम हो गई।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। यूपी समेत पूरे उत्‍तर भारत में शीतलहर जारी है। आज सुबह छाई धुंध की वजह से कई स्‍थानों पर विज़िबिलिटी कम हो गई। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिन तक कोल्ड-डे कंडीशन या शीत लहर जारी रहेगी। 30 जनवरी से मौसम में बदलाव हो सकता है और तेज धूप निकल सकती है। हालांकि इस दौरान सुबह-शाम घना कोहरा छाया रहेगा। सुबह कोहरा और धुंध छाई रहेगी। दिन में मौसम साफ रहने की संभावना है।

पूर्वी यूपी में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता कम हो गई है। दो दिन पहले तक सक्रिय रहा पश्चिमी विक्षोभ तिब्बत की तरफ सरक गया है। आसमान से बादल छंट गए हैं। इसके कारण एक बार फिर ठंड लौट आई है। पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण दिन और रात का तापमान लुढ़क गया। गुरुवार को दिन का तापमान सामान्य से करीब आठ डिग्री नीचे चला गया जिसके कारण गुरुवार को एक बार फिर से कोल्ड-डे (सर्द दिन) हो गया। गुरुवार को 16 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पछुआ चली।
मौसम विशेषज्ञ केसी पाण्डेय ने बताया कि आसमान से बादल छंट गए जिसके कारण गर्म हवाएं वातावरण के ऊपरी हिस्से की तरफ चली गई हैं। ऐसे में पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाएं मैदानी क्षेत्रों में फिर सर्दी बढ़ा रही हैं। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस रहा। यह बुधवार के मुकाबले 2.5 डिग्री कम है। जिले में बादलों की मौजूदगी के कारण न्यूनतम पारा ऊपर उछल कर सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस अधिक पहुंच गया था। गुरुवार को यह सामान्य से करीब एक डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया। मौसम में बदलाव का असर गुरुवार को दिन में दिखा। तड़के से ही कोहरा छाया रहा। गर्म हवाएं उपर उठी उनकी जगह पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं ने ले ली जिसके कारण गलन बढ़ गई। दिन चढ़ने के साथ निचले स्तर पर तो कोहरा छंट गया, मगर कोहरे के बादल छाए रहे। सूरज कोहरे की ओट में छिपा रहा। इसके कारण बीते 24 घंटे में दिन के तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई। बुधवार को दिन में अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस था। गुरुवार को दिन में अधिकतम तापमान 14.2 डिग्री ही रहा। यह सामान्य से 7.8 डिग्री सेल्सियस कम है।
Next Story