- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- CM योगी बोले, शिक्षकों...
CM योगी बोले, शिक्षकों का सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता, कैशलेस चिकित्सा योजना का दायरा बढ़ा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि शिक्षकों का सम्मान और उनका कल्याण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से प्रदेश में 'मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना' संचालित की जा रही है, जिससे बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी और उनके आश्रित लाभान्वित हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस योजना के तहत बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग से जुड़े 60 लाख शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी और उनके आश्रित परिजनों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ मिल रहा है। सरकार का उद्देश्य शिक्षा से जुड़े सभी कर्मियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि योजना का दायरा बढ़ाते हुए अब उच्च शिक्षा विभाग, राज्य एवं निजी विश्वविद्यालयों, अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों और स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों के 7.50 लाख से अधिक शिक्षकों तथा उनके आश्रित परिजनों को भी इसमें शामिल किया गया है।
सीएम योगी ने बताया कि जल्द ही 2.50 लाख से अधिक शिक्षणेत्तर कर्मचारी और उनके आश्रित परिजनों को भी इस योजना के दायरे में लाया जाएगा। इससे शिक्षा क्षेत्र से जुड़े और अधिक परिवारों को गुणवत्तापूर्ण एवं कैशलेस स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षकों के हितों की रक्षा और उनके सामाजिक व आर्थिक कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उनका मानना है कि स्वस्थ और सुरक्षित शिक्षक ही प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बना सकते हैं।





