- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- सीएम योगी: Pakistan पर...

उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर झांसी में आयोजित योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ शरीर ही मजबूत राष्ट्र की नींव है।
कार्यक्रम के बाद सीएम योगी बुंदेलखंड के महोबा पहुंचे, जहां उन्होंने 697.07 करोड़ रुपये की 88 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं के जरिए क्षेत्र के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है। भारी गर्मी के बावजूद जनसभा में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और सीएम का स्वागत किया।
महोबा दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने सबसे पहले गोरखगिरी क्षेत्र का निरीक्षण किया, जिसे पर्यटन तीर्थ के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने गोरखगिरी मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। सीएम ने यहां रोपवे बनाने और इसे एडवेंचर टूरिज्म हब के रूप में विकसित करने की घोषणा भी की।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने बुंदेलखंड के विकास कार्यों और सरकार की योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अर्जुन सहायक परियोजना, केन-बेतवा लिंक परियोजना और हर घर नल योजना से क्षेत्र में पानी की समस्या काफी हद तक दूर हुई है। साथ ही उन्होंने बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण (BIDA) के जरिए क्षेत्र को एक बड़ा औद्योगिक हब बनाने की बात कही।
सीएम योगी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले बुंदेलखंड में माफियाओं का दबदबा था, जिसे सरकार ने खत्म कर दिया है। उन्होंने कहा कि अब क्षेत्र में विकास और सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। सीएम ने दावा किया कि बुंदेलखंड डिफेंस कॉरिडोर में तैयार हो रहे आधुनिक हथियार देश की सुरक्षा को मजबूत करेंगे और इससे क्षेत्र में औद्योगिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।





