- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- पति छोड़ प्रेमी संग...

उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में रिश्तों को झकझोर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। रटौल क्षेत्र के खैला गांव में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी मनीषा (26) की फरसे से हमला कर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की, लेकिन बोरा भारी होने के कारण वह उसे उठा नहीं सका। इसके बाद उसने खुद ही डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को घटना की जानकारी दे दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी राहुल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल फरसा भी बरामद कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जानकारी के अनुसार, राहुल और मनीषा की मुलाकात करीब नौ साल पहले हरिद्वार में हुई थी। दोनों ने प्रेम संबंध के बाद कोर्ट मैरिज की थी और बाद में साथ रहने लगे थे। इसी बीच मनीषा अपने बेटे के साथ बेंगलुरु चली गई थी, जबकि उनकी बेटी पिता के साथ रह रही थी।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को मनीषा बेटी को अपने साथ ले जाने के लिए गांव आई थी। इसी बात को लेकर शनिवार को पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ गया, जो हिंसक रूप ले लिया। गुस्से में राहुल ने फरसे से मनीषा की गर्दन और शरीर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों के बीच सोशल मीडिया और व्यक्तिगत विवादों को लेकर पहले से तनाव था। इंस्टाग्राम पोस्ट और पारिवारिक मुद्दों को लेकर अक्सर झगड़े होते थे। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।





