उत्तर प्रदेश

Chandauli: पैदल चल रहे लोगों को बुलेट ने टक्कर मारी, एक की मौत

Admindelhi1
13 Feb 2026 7:27 PM IST
Chandauli: पैदल चल रहे लोगों को बुलेट ने टक्कर मारी, एक की मौत
x

चंदौली: चंदौली में अलीनगर थाना क्षेत्र के अलीनगर–सकलडीहा मुख्य मार्ग पर गुरुवार रात एक तेज रफ्तार बुलेट (speeding bullet) सवार ने सड़क पर पैदल जा रहे दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है और वाराणसी ट्रामा सेंटर में उसका इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, चकरिया गांव निवासी अमित सिंह (36) और सम्राट सिंह (41) गुरुवार रात अपने गांव से कुछमन बाजार सामान लेने जा रहे थे। इसी दौरान सकलडीहा की ओर से अलीनगर की तरफ आ रहे तेज रफ्तार बुलेट सवार ने दोनों को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अमित सिंह सड़क पर दूर जा गिरे और उनके सिर में गंभीर चोट आई, जबकि सम्राट सिंह भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई. स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने अमित सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं, सम्राट सिंह की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

हादसे के बाद बुलेट सवार वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही अलीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और बुलेट को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में अलीनगर प्रभारी निरीक्षक अनिल पांडेय ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और फरार बुलेट सवार की तलाश की जा रही है। बुलेट पर वाराणसी का नंबर अंकित बताया जा रहा है।

Next Story