उत्तर प्रदेश

Recruitment examinations की अफवाहों से बचें अभ्यर्थी, UP शिक्षा सेवा चयन आयोग हुआ सख्त

Ratna Netam
14 July 2026 6:15 PM IST
Recruitment examinations  की अफवाहों से बचें अभ्यर्थी, UP शिक्षा सेवा चयन आयोग हुआ सख्त
x

Lucknow लखनऊ : उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने पीजीटी, टीईटी समेत अन्य भर्ती परीक्षाओं को लेकर सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही भ्रामक सूचनाओं पर सख्त रुख अपनाया है। आयोग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे किसी भी जानकारी के लिए केवल आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें।

आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने मंगलवार को कहा कि कुछ लोगों द्वारा सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से भर्ती परीक्षाओं से जुड़ी गलत और भ्रामक जानकारियां प्रसारित की जा रही हैं। ऐसे लोग अभ्यर्थियों को गुमराह करने के साथ ही अवैध धन वसूली का प्रयास भी कर रहे हैं। आयोग ने ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि आयोग के संज्ञान में आया है कि कुछ व्यक्ति पीजीटी, टीईटी और अन्य परीक्षाओं से संबंधित ओएमआर शीट, उत्तर कुंजी, कटऑफ और प्राप्तांकों के नाम पर अभ्यर्थियों को भ्रमित कर रहे हैं। कुछ लोगों द्वारा अभ्यर्थियों को आयोग कार्यालय पहुंचकर प्रार्थना पत्र देने के लिए भी उकसाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि कुछ मामलों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की मदद से फर्जी दस्तावेज तैयार कर सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जा रहे हैं। इसके अलावा परीक्षाओं और परिणामों से जुड़े धन के लेन-देन की अप्रमाणित बातें भी फैलाई जा रही हैं, जिससे अभ्यर्थियों में भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है।

आयोग अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि पीजीटी परीक्षा का परिणाम पहले ही घोषित किया जा चुका है। सभी अभ्यर्थियों के प्राप्तांक और चयनित अभ्यर्थियों के लिखित परीक्षा अंक, साक्षात्कार अंक तथा अंतिम प्राप्तांक आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए गए हैं।

उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे किसी भी अपुष्ट सूचना, सोशल मीडिया पोस्ट या किसी व्यक्ति द्वारा किए जा रहे दावों पर विश्वास न करें। भर्ती प्रक्रिया से संबंधित हर जानकारी आयोग की वेबसाइट पर समय-समय पर जारी की जाती है, जिसे ही अंतिम और प्रमाणिक माना जाए।

डॉ. प्रशांत कुमार ने कहा कि अभ्यर्थियों को किसी भी जानकारी के लिए बिचौलियों के संपर्क में आने या आयोग कार्यालय के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं है। आयोग की ओर से सभी जरूरी सूचनाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

उन्होंने चेतावनी दी कि अफवाह फैलाने वाले, फर्जी सूचनाएं प्रसारित करने वाले और अभ्यर्थियों से पैसे ऐंठने का प्रयास करने वाले व्यक्तियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

शिक्षा सेवा चयन आयोग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध सूचना की पुष्टि आधिकारिक माध्यमों से जरूर करें। आयोग का कहना है कि पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया बनाए रखना उसकी प्राथमिकता है और इसमें बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Next Story