उत्तर प्रदेश

Saryu नदी में बोट हादसा, लाइफ जैकेट बनी 5 लोगों की ढाल

Ratna Netam
3 July 2026 3:08 PM IST
Saryu नदी में बोट हादसा, लाइफ जैकेट बनी 5 लोगों की ढाल
x
पांचों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

Uttar Pradesh उत्तर प्रदेश : गोरखपुर जनपद के बड़हलगंज स्थित मुक्तिपथ घाट पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सरयू नदी (घाघरा) में एक प्राइवेट मोटर बोट अचानक लकड़ी की नाव से टकराकर पलट गई। यह घटना सुबह करीब 10:45 बजे की बताई जा रही है।हादसे के समय मोटर बोट पर पांच लोग सवार थे, जो पानी में डूबने लगे। हालांकि राहत की बात यह रही कि सभी यात्रियों ने लाइफ जैकेट पहन रखी थी, जिससे उनकी जान बच सकी। घटना के बाद घाट पर मौजूद नाविकों और आपदा मित्रों ने तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू किया और सभी पांचों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

स्थानीय प्रशासन और राहत दल की तत्परता के चलते बड़ा नुकसान टल गया। रेस्क्यू के दौरान कुछ लोग हल्के घायल भी हुए, जिन्हें तुरंत नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बड़हलगंज भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन प्रशासनिक टीमों ने स्थिति को जल्द ही नियंत्रित कर लिया।

प्रशासन की ओर से बताया गया कि जिले में लगातार बढ़ रही डूबने की घटनाओं को देखते हुए संवेदनशील घाटों पर आपदा मित्रों की तैनाती की गई है। यह व्यवस्था अपर जिला अधिकारी (वित्त/राजस्व) एवं प्रभारी अधिकारी (आपदा) के निर्देशन में संचालित की जा रही है।मुक्तिपथ घाट पर तैनात आपदा मित्र घनश्याम मौर्य और सुरीना ने बताया कि वे लगातार लोगों को लाइफ जैकेट के उपयोग के लिए जागरूक करते रहते हैं। साथ ही सभी नाव और मोटर बोट चालकों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि प्रत्येक यात्री को लाइफ जैकेट पहनाना अनिवार्य किया जाए।

प्रशासन द्वारा मोटर बोट चालकों को निशुल्क लाइफ जैकेट भी उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। इस घटना ने एक बार फिर यह साबित किया है कि सुरक्षा नियमों का पालन करके बड़े हादसों को टाला जा सकता है।प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि नदी यात्रा के दौरान पूरी सतर्कता बरतें और सुरक्षा मानकों का पालन अवश्य करें, ताकि इस तरह की घटनाओं में जनहानि से बचा जा सके।

Next Story