उत्तर प्रदेश

Fatehpur में जामुन तोड़ने को लेकर खूनी संघर्ष

Ratna Netam
26 Jun 2026 8:44 PM IST
Fatehpur में जामुन तोड़ने को लेकर खूनी संघर्ष
x
कई लोग घायल

Fatehpur फतेहपुर : जिले से एक गंभीर घटना सामने आई है, जहां मामूली दिखने वाला जामुन तोड़ने का विवाद देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया। मामला असोथर थाना क्षेत्र के जरौली गांव के मजरे देशी का डेरा का है, जहां पुरानी रंजिश के चलते एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को जामुन तोड़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद पहले कहासुनी तक सीमित रहा, लेकिन कुछ ही देर में यह विवाद हिंसक रूप ले गया। दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों, सरिया और धारदार हथियारों से हमला कर दिया गया। इस घटना में कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना में एक पक्ष की ओर से रामबाबू पुत्र रामराज, दिनेश पुत्र रामराज, बुधराज पुत्र रामराज, अनीता पत्नी बुधराज, आशा पत्नी रामविशाल, रागनी पुत्री रामनरेश और रवि पुत्र रामनरेश शामिल बताए जा रहे हैं। वहीं दूसरे पक्ष में राजेंद्र कुमार पुत्र जयराम निषाद, राजकुमार पुत्र जयराम निषाद, गायत्री देवी पत्नी राजकुमार, रीता देवी पत्नी रमेश चंद्र और ममता पुत्री राजकुमार घायल हुए हैं।

हमले में राजेंद्र कुमार (35), राजकुमार (45), गायत्री देवी (42), रीता देवी (39) और ममता (16) गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र असोथर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल सदर रेफर कर दिया गया।

परिजनों ने आरोप लगाया है कि घटना के दौरान डायल-112 पुलिस मौके पर मौजूद थी, लेकिन इसके बावजूद दोनों पक्षों के बीच मारपीट जारी रही। इस आरोप ने मामले को और गंभीर बना दिया है और स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है।

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रमाशंकर सरोज और जरौली चौकी प्रभारी अंकुश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

थाना प्रभारी रमाशंकर सरोज ने बताया कि जामुन तोड़ने और पुरानी रंजिश को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से औपचारिक तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने के बाद मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। स्थानीय लोग इस तरह की घटनाओं पर चिंता जता रहे हैं और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं ताकि भविष्य में ऐसी हिंसक घटनाओं को रोका जा सके।

Next Story