- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Property विवाद में...
Property विवाद में खूनी संघर्ष, आरोपियों पर हमला करने का आरोप

मेरठ: मेरठ के इंचौली थाना क्षेत्र के तोफापुर गांव में संपत्ति विवाद को लेकर मामला तूल पकड़ गया। सहारनपुर निवासी एक महिला ने अपने ही ताऊ-चाचा और उनके परिवार के लोगों पर मायके के मकान पर अवैध कब्जा करने और विरोध करने पर हमला करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित महिला ने पुलिस अधिकारियों से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।जानकारी के अनुसार, सहारनपुर निवासी मुन्नी देवी अपनी बहन उषा और बेटे अनुराग के साथ मेरठ के इंचौली थाना क्षेत्र स्थित तोफापुर गांव में अपने मायके के मकान से सामान लेने पहुंची थीं। महिला का आरोप है कि जब वह घर पहुंचीं तो मकान का ताला टूटा हुआ था और अंदर ताऊ-चाचा पक्ष के लोग मौजूद थे।
मकान पर कब्जे का लगाया आरोप
मुन्नी देवी का आरोप है कि उन्होंने जब मकान का ताला टूटने और घर में अन्य लोगों के मौजूद होने का विरोध किया तो टीकम और उनके बेटे ललित ने कथित रूप से कहा कि अब इस मकान पर उनका कब्जा है और यहां पीड़ित परिवार का कोई सामान नहीं है।महिला के अनुसार, इस बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दूसरे पक्ष के लोगों ने अपने अन्य परिजनों को भी मौके पर बुला लिया।
चाकू और लाठी-डंडों से हमले का आरोप
पीड़िता ने आरोप लगाया कि टीकम, ललित के साथ बीनू, अवनीश और जॉनी उर्फ अश्विनी ने मिलकर उनके और उनके बेटे अनुराग पर हमला कर दिया। महिला का कहना है कि आरोपियों ने चाकू, लाठी और डंडों से हमला किया, जिसमें वह और उनका बेटा घायल हो गए।पीड़ित परिवार के मुताबिक, हमले के दौरान उन्होंने किसी तरह खुद को बचाते हुए डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन इससे पहले ही आरोपी वहां से फरार हो गए।
पुलिस से कार्रवाई और सुरक्षा की मांग
घटना के बाद पीड़ित महिला और उनके परिवार ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर पूरे मामले की शिकायत की। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।महिला का कहना है कि संपत्ति विवाद के चलते उनके साथ यह घटना हुई और उन्हें भविष्य में भी खतरा बना हुआ है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले में निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है।
जांच में जुटी पुलिस
वहीं, पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।पुलिस मामले से जुड़े सभी पक्षों के बयान दर्ज कर रही है और घटनास्थल से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी पक्ष के साथ अन्याय नहीं होगा और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।





