उत्तर प्रदेश

बीजेपी का 2024 से पहले UP को अभेद्य दुर्ग बनाने की तैयारी, 80 सीटों का लक्ष्‍य, धर्मपाल की बैठक में मिला ये मंत्र

Renuka Sahu
24 Aug 2022 12:55 AM GMT
BJPs preparation to make UP an impregnable fort before 2024, the target of 80 seats, got this mantra in the meeting of Dharampal
x

फाइल फोटो 

बीजेपी 2024 के पहले यूपी को अपना अभेद्य दुर्ग बनाने की योजना पर काम कर रही है।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। बीजेपी 2024 के पहले यूपी को अपना अभेद्य दुर्ग बनाने की योजना पर काम कर रही है। पार्टी के नए प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल ने मंगलवार को अवध, कानपुर, काशी और गोरक्ष क्षेत्र के जिलाध्यक्ष और जिला प्रभारियों संग बैठक में इसका प्‍लान सामने रखा। उन्‍होंने कहा कि पार्टी संगठन ऐसे स्थानों पर भी पहुंच सुनिश्चित करेगा, जहां अभी उसकी पहुंच नहीं है। वहीं बैठक में शामिल रहे डिप्‍टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने 2024 में यूपी की सभी 80 सीटें जीतने का लक्ष्‍य दोहराया और कहा कि सरकार और संगठन के समन्वय से इस लक्ष्‍य को जरूर हासिल किया जाएगा।

मिशन-2024 का चुनावी खाका खींचने के साथ ही भाजपा ने उस पर अमल भी शुरू कर दिया है। सूबे में सरकार रिपीट होने के बाद पार्टी अब संगठन को दुरुस्त करने में जुटी है। इसी मद्देनज़र भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल ने मंगलवार को अवध, कानपुर, काशी और गोरक्ष क्षेत्र के जिलाध्यक्ष व जिला प्रभारियों संग बैठक की। उन्होंने कहा कि मिशन 2024 के लिए भाजपा के राज्य मुख्यालय में हुई बैठक में धर्मपाल ने कहा कि यूपी में भाजपा संगठनात्मक दृष्टि से सर्वस्पर्शी, सर्वसमावेशी और सर्वग्राही दल के रूप में ख्याति प्राप्त है। उन्होंने कहा कि प्रदेश महामंत्री संगठन के रूप में सुनील बंसल के नेतृत्व में प्रदेश संगठन को नया आयाम मिला है।

यह सब कार्यकर्ताओं के परिश्रम और सहयोग से संभव हुआ है। कहा कि भाजपा संगठन के विस्तार का आधार कार्यकर्ता हैं। आप सभी अनुभवी हैं और संगठन की शक्ति हैं। आपके अनुभव और सहयोग से संगठन को मजबूती देने का काम जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 में जीत के लक्ष्य को लेकर सभी को आगे बढ़ना है। उन्होंने पहले जिलाध्यक्षों और फिर जिला प्रभारियों संग परिचयात्मक बैठक की।

केंद्र-प्रदेश सरकार गरीब कल्याण को समर्पित ब्रजेश

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में गांव-गरीब के कल्याण की नई इबारत लिखी गई है। पूरे प्रदेश में विकास के काम तेज हुए। प्रदेश सरकार भी समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए समर्पित है। भाजपा की शक्ति उसके कार्यकर्ता हैं। इन्हीं के बल पर पार्टी 2024 में प्रदेश की सभी सीटें जीतेगी। बैठक में झारखंड के नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री संगठन कर्मवीर ने भी विचार रखे।

मोदी, शाह और योगी के नेतृत्व में जीते बंसल

राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल ने कहा कि ऐसा नहीं है कि वर्ष 2013 से पहले भाजपा नहीं थी। पार्टी का संगठन मजबूत था। प्रदेश और केंद्र में हमारी सरकारें भी बनीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पार्टी को जीत हासिल हुई है। पार्टी कार्यकर्ता होने के नाते हम सभी को जो भी टॉस्क नेतृत्व से मिलता है, उस भूमिका का हम सभी निर्वाह करते हैं।

भाजपा जैसे कार्यकर्ता कहीं नहीं स्वतंत्रदेव

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि भाजपा जैसा नेतृत्व और निष्ठावान कार्यकर्ता किसी दूसरे दल के पास नहीं हैं। कार्यकर्ताओं के बल पर ही पार्टी यहां तक पहुंची है। पार्टी को पूरे देश में फैलाने और सत्ता के शीर्ष तक पहुंचाने में सबसे बड़ा योगदान कार्यकर्ताओं का है। उन्होंने कहा कि सरकार के कामों और योजनाओं को जमीन पर ले जाना है। सभी से 2024 की तैयारी में जुटने का आह्वान किया।

वर्ष 2024 में जीतेंगे यूपी की सभी 80 सीटें केशव

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सामाजिक समीकरण का राजनीतिक गुलदस्ता भाजपा के पास है। विपक्ष में सिर्फ दिखावा है। लोकसभा चुनाव में यूपी की प्रत्येक लोकसभा में विजय दिलाकर केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पुन सरकार बनाकर गरीब कल्याण का यज्ञ जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार और संगठन के समन्वय से 2024 में पार्टी यूपी की सभी 80 सीटों पर जीत हासिल करेगी।


Next Story