उत्तर प्रदेश

भाजपा का कुनबा और मजबूत, बीजेपी में राष्ट्रवादी समतावादी पार्टी का विलय

Renuka Sahu
22 Jan 2022 1:35 AM GMT
भाजपा का कुनबा और मजबूत, बीजेपी में राष्ट्रवादी समतावादी पार्टी का विलय
x

फाइल फोटो 

राष्ट्रवादी समतावादी पार्टी का विलय भाजपा में हो गया है। शुक्रवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय पर इस पार्टी के विलय की घोषणा की गई।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। राष्ट्रवादी समतावादी पार्टी का विलय भाजपा में हो गया है। शुक्रवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय पर इस पार्टी के विलय की घोषणा की गई। वहीं मुजफ्फरनगर से बसपा के मुस्लिम नेता सलमान जैदी और मैनपुरी से सपा नेता रघुपाल सिंह भदौरिया ने भाजपा ज्वाइन किया। सेवानिवृत्त आईपीएस कुश सौरभ पासवान भी भाजपा में शामिल हुए। पासवान बांसगांव (गोरखपुर) से कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी रह चुके है और इनकी पत्नी जिला पंचायत सदस्य हैं। कई दलों ने भाजपा को बिना शर्त समर्थन भी दिया है।

भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व ज्वाइनिंग कमेटी के अध्यक्ष डा. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने इन नेताओं को भाजपा का पटका पहना कर पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई। डा. वाजपेयी ने कहा कि रघुपाल सिंह भदौरिया ने भाजपा में शामिल होकर पार्टी के चुनाव अभियान को मजबूत किया है। राजनीतिक परिवार से आने वाले सलमान जैदी की पत्नी ब्लॉक प्रमुख रह चुकी हैं जबकि जैदी 2017 के विधानसभा चुनाव में चरथावल से प्रत्याशी रह चुके हैं। जैदी को भाजपा में शामिल करने की सिफारिश केन्द्रीय मंत्री संजीव बालियान और प्रदेश के गन्ना मंत्री सुरेश राणा ने की थी।
इन दलों ने दिया बिना शर्त समर्थन
प्रदेश भाजपा कार्यालय में किसान शक्ति जनतांत्रिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुखलाल गौतम गुरूजी, मानवतावादी समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डा. रामरघुबीर प्रजापति, राष्ट्रवादी ब्राह्मण महासंघ के अध्यक्ष आनन्द कुमार मिश्र और हिन्दू युवा वाहिनी (भारत) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुभव शुक्ला ने बिना शर्त समर्थन का पत्र सौंपा है।
Next Story