- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- BJP नेता ने लगाया...
उत्तर प्रदेश
BJP नेता ने लगाया मनरेगा में भ्रष्टाचार का आरोप तो बीडीओ ने की स्थलीय जांच
Gulabi Jagat
1 Feb 2025 2:29 PM GMT
x
Kushinagar राजापाकड़/कुशीनगर: दुदही विकास खंड के ग्राम पंचायत दुमही में मनरेगा योजना के अंतर्गत कच्ची सड़कों की भराई में अनियमितता व धांधली का बड़ा मामला सामने आया है। भाजपा नेता की शिकायत पर खंड विकास अधिकारी ने स्थलीय जांच कर मामले की हकीकत जानी। बीडीओ ने अनियमितता पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
उक्त गांव निवासी व भाजपा दुदही मंडल के महामंत्री जितेंद्र गुप्ता ने गत शुक्रवार को बीडीओ को सौंपे शिकायती पत्र में आरोप लगाया था कि मनरेगा योजना के अंतर्गत गांव में कराए गए कार्यों में धांधली बरती गई है। आधा दर्जन सड़कें जिस पर काम नहीं हुआ और पेमेंट कर दिया गया है। इसकी शिकायत करने के बाद रोजगार सेवक द्वारा जबरन अब उन सड़कों को भरवाए जाने की कोशिश की जा रही है ताकि जांच आए तो दिखाया जा सके। उसके इस प्रयास से ग्रामीणों में भारी रोष है। अगर वहां कार्य होगा तो बड़ी दिक्कत हो सकती है। भाजपा नेता ने लिखा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जीरो टालरेंस नीति फेल हो रही है और ऐसे कर्मचारी के कारण समूचा सिस्टम बदनाम हो रहा है। भाजपा नेता ने शीघ्र कार्रवाई की मांग करते हुए अन्यथा की दशा में धरना प्रदर्शन व आंदोलन की चेतावनी दी है। बीडीओ रामराज कुशवाहा ने उक्त शिकायत के क्रम में शनिवार को मौके का स्थलीय निरीक्षण किया। आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध न कराने पर रोजगार सेवक को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि अनियमितता पाई गई है, सभी दस्तावेज उपलब्ध नहीं थे, बड़ी ग्राम पंचायत है। तकनीकी टीम के साथ जांच कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
Gulabi Jagat
Next Story