उत्तर प्रदेश

बिस्तर पर पेट्रोल छिड़ककर लगाई आग, जांच में जुटी पुलिस

Saba Naaz
6 July 2026 5:52 PM IST
बिस्तर पर पेट्रोल छिड़ककर लगाई आग, जांच में जुटी पुलिस
x

फतेहपुर जिले के मलवां थाना क्षेत्र के तारापुर असवार गांव में पति की हत्या के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पति को आग लगाकर मारने के आरोप में जेल भेजी गई पत्नी प्रीति उर्फ विनीता देवी के दो कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इन वीडियो में वह अपने पति की हत्या की बात स्वीकार करती नजर आ रही है, हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इन वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि अभी नहीं हुई है।

मामला 26 जून का है, जब गांव निवासी अवधेश उर्फ पवन (40) का जला हुआ शव उनके घर के कमरे से मिला था। कमरे में अन्य सामान सुरक्षित पाए जाने के कारण शुरुआत से ही पुलिस को यह आशंका थी कि यह हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या हो सकती है। मृतक के भाई राजकुमार की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की और बाद में पत्नी प्रीति को आरोपी मानते हुए 3 जुलाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

वायरल हो रहे कथित वीडियो में महिला यह दावा करती दिख रही है कि उसका पति शराब का आदी था और आए दिन पैसे मांगकर उसके साथ मारपीट करता था। वह यह भी कहती है कि पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने उसे पति से छुटकारा पाने के तरीके बताए थे, जिनमें कांच पीसकर खिलाने और आग लगाकर घटना को आत्महत्या जैसा दिखाने की बातें शामिल थीं।

महिला के अनुसार, घटना वाले दिन पति ने पहले खाना मांगा और फिर पैसे की मांग को लेकर विवाद किया। बाद में वह नशे की हालत में घर आकर सो गया। इसी दौरान कथित रूप से उसने पेट्रोल छिड़ककर बिस्तर में आग लगा दी।

मलवां थाना पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। पुलिस ने साफ किया है कि केवल वीडियो के आधार पर निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता और सभी तथ्यों की वैज्ञानिक व कानूनी तरीके से जांच की जाएगी। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी।

Next Story