उत्तर प्रदेश

Bareilly: नाले में फिर गई सिल्ट, नगर प्रशासन की लापरवाही से जनता परेशान

Admindelhi1
16 Jun 2025 3:49 PM IST
Bareilly: नाले में फिर गई सिल्ट, नगर प्रशासन की लापरवाही से जनता परेशान
x

बरेली; उत्तर प्रदेश विधान परिषद की समिति ने विकास प्राधिकरण, आवास विकास परिषद, जिला पंचायत और नगर निगम में अनियमितताओं की जांच और विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक में समिति के सदस्यों ने कहा कि नालों की सफाई के बाद सिल्ट इधर-उधर डाल जाती है और यह बारिश में फिर नाले में जली जाती है। ऐसी सफाई का क्या फायदा। इसके अलावा मच्छरों को मारने के लिए फागिंग की गुणवत्ता, स्कूल-कॉलेजों में मूलभूत सुविधाओं के मुद्दे भी उठाए।

समिति ने बैठक से गैरहाजिर रहने पर आवास विकास परिषद के मुख्य अभियंता राजेंद्र नाथ और शाहजहांपुर जिला पंचायत के एएमए (अपर मुख्य अधिकारी) संतोष कुमार को लखनऊ तलब कर लिया है। समिति के सभापति बृजेश कुमार सिंह की अध्यक्षता मे विकास भवन सभागार में रविवार को बरेली और शाहजहांपुर जिले के अधिकारियों के साथ बैठक में समिति ने बीडीए से रामगंगा नगर परियोजना के कार्यों की जांच को लेकर जवाब मांगा। बीडीए उपाध्यक्ष डॉ. मनिकंडन ए ने कहा कि कुछ स्थानों को कब्जा मुक्त करते हुए प्लाट आवंटित कर दिए गए हैं। तीन वाटर टैंक निर्माणाधीन हैं। प्राधिकरण की आय में लगातार वृद्धि हुई है। समिति ने कार्य पूरा होने पर अवगत कराने को कहा। समिति को शाहजहांपुर आवास विकास परिषद की ओर से बताया कि उनके पास तीन परियोजनाएं हैं। कोर्ट में मामले लंबित होने की वजह से अवैध कब्जे हटाने की संख्या शून्य बताई गई। सभापति ने प्रभावी पैरवी कराते हुए कोर्ट से जल्द से जल्द निर्णय कराने पर जोर दिया।

इस दौरान समिति ने ईडब्लूएस, एलआईजी, एमआईजी और व्यवसायिक भूखंडों के बारे में भी जानकारी ली। समिति के सदस्य जयपाल सिंह व्यस्त ने विकास प्राधिकरण के सापेक्ष आवास-विकास के कार्यों की सुस्त गति का मुद्दा उठाया। कहा कि ऐसा होने से आवास विकास के अस्तित्व पर ही प्रश्न चिह्न है। सदस्य जयपाल सिंह व्यस्त और हरी सिंह ढिल्लो ने कहा कि देखा जाता है कि नगर निगम क्षेत्र में नाला सफाई के बाद सिल्ट को इधर-उधर डाल दिया जाता है, इससे बारिश होने पर मलबा दोबारा नाले में चला जाता है। ऐसी सफाई होने से क्या फायदा, इसे गंभीरता से लिया जाए। मच्छरों के खात्मे के लिए होने वाले छिड़काव में मिलाई जाने वाली दवाओं का सैंपल लेकर उसकी गुणवत्ता की जांच नगर आयुक्त खुद कराएं। वहीं स्कूल-कॉलेजों में मूलभूत सुविधाओं का मुद्दा उठा। कहा कि कई स्कूलों में शौचालय, पीने वाले पानी की व्यवस्था कराई जाए।

बैठक में सदस्य रवि शंकर सिंह, एमएलसी बहोरन लाल मौर्य, आंवला भाजपा अध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह, निजी सचिव धर्मेन्द्र सिंह, अपर निजी सचिव अजय चौहान, समीक्षा अधिकारी धर्मेंद्र कुमार मिश्र, समीक्षा अधिकारी अभिषेक कुमार पांडेय, डीएम अविनाश सिंह, नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, उपाध्यक्ष बीडीए मनिकंडन ए. वृत्त लेखक अर्जित वाजपेयी आदि मौजूद रहे।

Next Story