उत्तर प्रदेश

Bareilly: बिजली संकट से लोग परेशान, लगातार हो रही ट्रिपिंग और फाल्ट

Admindelhi1
16 Jun 2025 2:37 PM IST
Bareilly: बिजली संकट से लोग परेशान, लगातार हो रही ट्रिपिंग और फाल्ट
x

बरेली: भीषण गर्मी में बिजली संकट ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। शनिवार को शहर के अलग-अलग इलाकों में लोकल फाल्ट और ट्रिपिंग से उपभोक्ता परेशान होते रहे। इसके अलावा कहीं फेस नहीं आने तो कहीं लो वोल्टेज की समस्या रही। लोगों ने हेल्पडेस्क पर शिकायत की लेकिन समय पर समाधान नही हो सका। सिविल लाइंस तृतीय सबस्टेशन के विकास भवन रोड पर शनिवार रात 8 से 9 बजे तक फेस नहीं आने की समस्या रही। वहीं सिविल लाइंस प्रथम सबस्टेशन पर जंपर उड़ जाने से बिजली का संकट रहा। शाम को कुतुबखाना सबस्टेशन के इलाकों में फेस नहीं आने की समस्या रही। वहीं आलमगीरीगंज में लोकल फाल्ट हो गया। सीबीगंज सबस्टेशन के स्वालेनगर, खलीलपुर, स्लीपर रोड आदि जगह पर भी लोकल फाल्ट हुए।

हरुनगला सबस्टेशन के बन्नूवाल नगर में वोल्टेज कम आने से उपभोक्ता गर्मी में परेशान हुए। वार्ड नंबर 75 के पार्षद सादिक अंसारी ने बताया कि शनिवार शाम 4 बजे एजाजनगर गौटिया में बिजली के पोल में आग लग गई। तार जल जाने से करीब 20 घरों की आपूर्ति पांच घंटे तक बाधित रही। शाम 6 बजे कुतुबखाना सबस्टेशन के चौक बाजार में बंच केबल में आग लगने से आपूर्ति बाधित हो गई। शाम पांच से 6 बजे तक 100 फुटा रोड पर तार टूट जाने से आपूर्ति बाधित रही। किला और कोहाड़ापीर सबस्टेशन से जुड़े इलाकों में भी फेस नहीं आने की समस्या रही।

सुभाषनगर सबस्टेशन के करगैना में सावित्री इंटर कॉलेज के पास पोल बॉक्स में आग लग जाने से शाम 4 से 6 बजे तक बिजली गुल रही। दोपहर 3 बजे ग्रीन पार्क में ट्रांसफार्मर में आग लग जाने से बिजली गुल हो गई। उपभोक्ताओं ने उसकी शिकायत की लेकिन तीन घंटे तक कर्मचारी उसे ठीक करने के लिए नहीं पहुंचे। हरुनगला के निर्माणनगर मे शुक्रवार रात 9 बजे से शनिवार की दोपहर तक संकट बना रहा। वहीं शनिवार सुबह 11 बजे कमल टाकिज फीडर ब्रेकडाउन में होने से बिजली गुल हो गई।

Next Story