उत्तर प्रदेश

Bareilly: खाते खोलकर लोगों से ठगी करने वाले साइबर ठग गिरफ्तार

Sarita
1 Jun 2025 12:33 PM IST
Bareilly: खाते खोलकर लोगों से ठगी करने वाले  साइबर ठग गिरफ्तार
x
Bareilly बरेली: साइबर थाना पुलिस ने पंजाब के एक युवक को नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले पांच साइबर जालसाजों को गिरफ्तार किया है। साइबर थाना प्रभारी मदन मोहन चतुर्वेदी ने बताया कि पंजाब प्रांत के गांव खुब्बन जिला फाजिल्का निवासी अर्जुन सिंह ने साइबर थाना बरेली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि मोहम्मद आकिब, आमिर, एजाज नगर गौटिया निवासी, कासिम निवासी पीरबहोड़ा थाना इज्जतनगर, हसीन खान निवासी सैदपुर खजुरिया थाना कैंट और महफूज निवासी गांव धंतिया फतेहगंज पश्चिमी ने उसे नौकरी दिलाने के नाम पर बरेली बुलाया।
यहां आरोपियों ने उसके तीन चालू खाते खुलवाए। इसके बाद खाते की चेक बुक, एटीएम कार्ड, खाते से जुड़ा मोबाइल नंबर और सिम ले लिया और आरोपी साइबर अपराध करने लगे। जानकारी होने पर उसने रिपोर्ट दर्ज कराई। साइबर थाना पुलिस ने शनिवार देर शाम पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से 3 चेक बुक, 3 एटीएम कार्ड, 4 सिम कार्ड और एक मोबाइल बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे साइबर ठगी करते हैं।
पांचों एक अंतरराज्यीय गिरोह के सदस्य हैं। इनके गिरोह के सदस्य दिल्ली, महाराष्ट्र, गुजरात, उत्तर प्रदेश, पंजाब समेत कई राज्यों में फैले हुए हैं। ये लोग बेरोजगार, गरीब और जरूरतमंद लोगों को कमाई और नौकरी का लालच देकर उनके खाते खुलवाते हैं। खाता खुलवाने के बाद वे खाताधारक की चेक बुक, एटीएम कार्ड, खाते से जुड़ा मोबाइल नंबर ले लेते हैं। इसके बाद खातों में साइबर अपराध से संबंधित पैसा जमा करवा लेते हैं। पैसा निकालने के बाद वे खाताधारक को हर महीने थोड़ी-थोड़ी रकम देते हैं।
Next Story