उत्तर प्रदेश

जनपद में धूमधाम से मनाई गई बापू जयंती, आयोजित किए गए विविध कार्यक्रम

Gulabi Jagat
2 Oct 2023 12:03 PM GMT
जनपद में धूमधाम से मनाई गई बापू जयंती, आयोजित किए गए विविध कार्यक्रम
x
बलिया। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने गांधी जयंती के अवसर पर सोमवार को कलेक्ट्रेट में ध्वजारोहण कर महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की फोटो पर पुष्पांजलि अर्पित की। यहीं पर जिलाधिकारी ने गांधी जी के विचारों को लोगों से साझा किया गया। कलेक्ट्रेट में ही कुछ कलाकारों द्वारा गांधी जी के प्रिय भजन रघुपति राघव राजा राम का गायन किया गया। उसके बाद जिलाधिकारी, मुख्य राजस्व अधिकारी, सिटी मजिस्ट्रेट और स्वतंत्रता सेनानी रामविचार पांडे ने गांधी जी के विचारों के दृष्टिकोण पर बारी बारी से अपनी बातें रखीं।
शहीद चौक में प्रभारी मंत्री और नोडल अधिकारी द्वारा गांधी जी की मूर्ति पर किया माल्यार्पण, सफाई मित्रों के सम्मान समारोह में हुए शामिल
राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) आयुष, सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग, दयाशंकर मिश्र 'दयालु जी' और जिले के लिए नामित नोडल बलकार सिंह व जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने शहीद चौक स्थित गांधी की मूर्ति पर माल्यार्पण किया और वहां आयोजित सभा को संबोधित भी किया।

प्रभारी मंत्री ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह बड़ा ही सुखद संयोग है कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती 2 अक्टूबर को मनाई जाती है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन 17 सितंबर से लेकर 2 अक्टूबर तक स्वच्छता पखवाड़ा के रूप में मनाया जाता है। इस देश में प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम आज मिसाल के तौर पर काम कर रहा है। प्रधानमंत्री ने जिस दिन स्वच्छता के लिए वाराणसी में फावड़ा चलाया था, तब किसी ने भी नहीं सोचा था कि भविष्य में स्वच्छता के क्षेत्र में लोगों के अंदर इतनी जागरूकता आएगी। आज गांव के गरीब लोगों का अपना शौचालय हैं। गांवों में भी साफ सफाई अब दिखती है। रेलवे में और रेलवे स्टेशनों पर साफ सफाई संबंधी कार्य हुए हैं। उन्होंने भारत के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर का जिक्र किया।उन्होंने बापू का जिक्र करते हुए कहा कि महात्मा गांधी जहां रहते थे, वहां वे अपने घर और शौचालय की सफाई खुद से करते थे। स्वच्छता के क्षेत्र में बापू हम लोगों के लिए आइकन हैं। उन्होंने विश्व के नेताओं में मार्टिन लूथर, नेल्सन मंडेला और बराक ओबामा का जिक्र किया, जो गांधी जी को अपना आदर्श मानते हैं।
जिले के लिए नामित मॉडल अधिकारी बलकार सिंह ने महात्मा गांधी और शास्त्री जी के जन्म दिवस पर श्रद्धांजलि दी और कहा कि गांधी जी के विचार उस समय जितने प्रासंगिक थे, उतने वे आज भी हैं। गांधी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने की जरूरत है। आज अपने देश को आगे बढ़ाने के लिए संकल्प लेने का दिन है।
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को शत-शत नमन करते हुए कहा कि जब हम सफाई करेंगे, तभी उसके महत्व को समझ पाएंगे। पूरे देश में गांधी जयंती पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। बापू ने स्वच्छता एवं सत्य और अहिंसा का जो रास्ता दिखाया, उसी पर हम लोग चलने का प्रयास कर रहे हैं। निश्चित ही आज पावन दिन है। उन्होंने कहा कि बापू द्वारा दिखाये गये रास्ते पर चलकर देश आज प्रगति की राह पर निकल पड़ा है। आज गांधी के विचारों को आत्मसात करने की जरूरत है। उन्होंने शास्त्री जी की सादगी जिक्र किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी प्रवीण वर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष संजय यादव, नगर पालिका अध्यक्ष, बलिया संत कुमार गुप्ता और समाजसेवी शिवकुमार कौशिकेय ने भी महात्मा गांधी और शास्त्री जी पर अपने विचार रखें। कार्यक्रम का संचालन परियोजना निदेशक उमेश मणि त्रिपाठी ने किया।
सफाई कर्मियों को किया सम्मानित, पंचायत सचिवों को वितरित किया लैपटॉप
प्रभारी मंत्री ने नगर पालिका के पांच और पंचायती राज विभाग के पांच सफाई कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। नगर पालिका के सफाई कर्मियों का नाम निम्न है- दिनेश रावत, अंशु कुमार रावत, राम जी, राजेश और अवध बिहारी। पंचायती राज के सफाई कर्मियों में जलालुद्दीन धर्मेंद्र कुमार दिनेश कुमार दिनेश ठाकुर और परशुराम सिंह है। लैपटॉप अपने वाले पांच सचिवों के नाम हैं- मृगेंद्र कुमार सिंह, अंशुमान सिंह, मुकेश सिंह, पवन यादव और प्रवीण कुमार गुप्ता।
जिला अस्पताल में आयुष विंग चिकित्सालय का किया लोकार्पण
प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र जिला अस्पताल में बने आयुष विंग चिकित्सालय का लोकार्पण व अनावरण किया। इस कार्यक्रम में बांसडीह विधायक केतकी सिंह ने उपस्थिति दर्ज कराई। यहां पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने आयुष अर्थात आयुर्वेद, योगा, नेचुरोपैथी, यूनानी, सिद्धा एवं होम्योपैथी की महत्ता पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने मुख्य रूप से होम्योपैथी और आयुर्वेद का जिक्र किया और कहा कि होम्योपैथी के जनक डॉक्टर हेनीमैन है। यह 270 साल पुरानी इलाज की पद्धति है, जो बहुत ही कारगर है। उन्होंने कहा कि विश्व में आयुर्वेद का जनक धनवंतरी को माना जाता है। यह अथर्ववेद का एक उपवेद है, जिसमें सभी प्रकार की आयुर्वेदिक औषधियों का वर्णन किया गया। सुश्रुत को सर्जरी का जनक माना जाता है। योगा को विश्व स्तर के सभी देशों द्वारा अपनाया गया है।
विधायिका केतकी सिंह ने कहा कि आयुष की चिकित्सा से रोगों को जड़ से खत्म किया जा सकता है। इस प्रकार से रोगों के इलाज में समय जरूर लगता है लेकिन वह हमेशा के लिए खत्म भी हो जाता है। उन्होंने कोरोना काल का जिक्र करते हुए कहा कि किस प्रकार हम कोरोना से बचाव के लिए काली मिर्च, तुलसी,दालचीनी और गिलोय का काढ़ा बनाकर पीते थे।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि जिले में आयुष विंग चिकित्सालय का उद्घाटन आयुष राज्य मंत्री द्वारा किया गया है। इस चिकित्सालय के चालू हो जाने से जनपद के लोगों के लिए इलाज की सुविधा बढ़ जाएगी। मैं उम्मीद करता हूं कि इस चिकित्सालय से संबंधित डॉक्टर अपना काम अच्छे से करेंगे, जिससे आयुष विंग चिकित्सालय की सार्थकता सिद्ध हो सके। कार्यक्रम का संचालन मुख्य चिकित्सालय अधीक्षक सुजीत कुमार यादव ने किया। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष संजय यादव और नगर पालिका अध्यक्ष संत कुमार गुप्ता मौजूद थे।
Next Story