उत्तर प्रदेश

Ballia: संयुक्त कार्रवाई में दो अंतरराज्यीय हथियार तस्कर गिरफ्तार

Admindelhi1
31 March 2025 11:05 AM IST
Ballia: संयुक्त कार्रवाई में दो अंतरराज्यीय हथियार तस्कर गिरफ्तार
x
"भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद"

बलिया: एसओजी, सर्विलांस टीम और कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो अंतरराज्यीय हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास से 5 पिस्टल (32 बोर) के साथ 10 मैगजीन, 3 तमंचे (12 बोर), 3 तमंचे (315 बोर), एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल और 2 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

श्रीरामपुर घाट के पास हुई गिरफ्तारी

पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम ने 30 मार्च की रात 1:14 बजे श्रीरामपुर घाट के पास इन तस्करों को पकड़ा। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सोनू कुमार (निवासी महादेवपुर महौली, थाना मुफस्सिल, जिला मुंगेर, बिहार) और मो. नबीउल्ला (निवासी मिर्जापुर बरदाह, थाना मुफस्सिल, जिला मुंगेर, बिहार) के रूप में हुई है।

किसी बड़े आपराधिक गिरोह से जुड़े होने की आशंका

एसपी के अनुसार, शक है कि आरोपी अवैध हथियारों की सप्लाई किसी बड़े अपराधी गिरोह को कर रहे थे। बरामद हीरो सुपर स्प्लेंडर (बिना नंबर प्लेट की) मोटरसाइकिल को एमवी एक्ट की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया है। अभियुक्तों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेजा गया है।

गिरोह के नेटवर्क की जांच जारी

पुलिस अब इस हथियार तस्करी नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है ताकि इसके अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार किया जा सके और इस अवैध धंधे पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।

गिरफ्तारी में शामिल पुलिस टीम

इस ऑपरेशन में प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र बहादुर सिंह, निरीक्षक विश्वनाथ यादव (प्रभारी सर्विलांस सेल), उपनिरीक्षक हितेश कुमार (प्रभारी स्वॉट टीम), चौकी प्रभारी गिरिजेश सिंह और अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Next Story