- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Ballia: पुलिस ने...
Ballia: पुलिस ने फोटोग्राफर चंदन कुमार हत्याकांड का खुलासा किया

बलिया: बलिया पुलिस ने फोटोग्राफर चंदन कुमार हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। हत्या की वजह प्रेम प्रसंग निकली। पुलिस ने हत्याकांड में शामिल दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके कब्जे से तीन आला कत्ल (चाकू) बरामद किए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) कृपा शंकर ने बताया कि 22 मार्च को रेवती थाने पर चंदन कुमार के पिता ने तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि 18 मार्च की रात करीब 8:30 बजे चंदन घर पर खाना खा रहा था, तभी गांव के ही सुरेंद्र यादव पुत्र मोती यादव, श्रीभगवान यादव पुत्र मोती यादव, बलि यादव पुत्र जवाहर यादव, दीपक यादव पुत्र बीरबल यादव (निवासीगण मानगढ़, थाना रेवती, जिला बलिया) और रोहित यादव पुत्र चिलर यादव (निवासी दहियावा, थाना सारण, जिला सारण, छपरा बिहार) उसे घर से बुलाकर अपने साथ ले गए।
काफी देर तक चंदन घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। इसके बाद चंदन का शव गेहूं के खेत में मिला। उसकी निर्मम हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर घटना के शीघ्र अनावरण के लिए टीम गठित कर कार्रवाई शुरू कर दी।
गिरफ्तारी और बरामदगी: इस क्रम में थानाध्यक्ष रेवती प्रशांत कुमार चौधरी, उपनिरीक्षक प्रभाकर शुक्ल, कांस्टेबल संतराज यादव, अविनाश शर्मा, अनिल कुमार चौधरी, आशीष कुमार और महिला कांस्टेबल प्रतिभा देवी क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान पुलिस ने अभियुक्त सुरेंद्र यादव पुत्र मोती यादव (निवासी मानगढ़, थाना रेवती, जिला बलिया) और रोहित यादव पुत्र लाल बहादुर यादव उर्फ चिलर यादव (निवासी दहियाव, थाना टाउन, जिला सारण, छपरा बिहार) को गोपाल नगर गेट ब्रह्म बाबा स्थान के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ धारा 103(1), 238 बीएनएस और 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर चालान न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।





