- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Ballia: आकाशीय बिजली...

बलिया: रविवार को जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में एक किशोर और एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। अचानक हुई इन घटनाओं से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया, वहीं गांवों में भी शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पहली घटना बांसडीह थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव (खरीदहां) की है, जहां 11 वर्षीय अरुण पुत्र बच्चन गोंड अपने घर के पास खेल रहा था। इसी दौरान तेज गरज-तड़प के बीच बिजली गिर गई, जिससे अरुण गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन आनन-फानन में उसे अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दूसरी घटना सहतवार थाना क्षेत्र की है। सहतवार कस्बा के वार्ड नंबर 6 निवासी संतोष प्रसाद सोनी (40) पुत्र स्व. शिवनाथ प्रसाद सोनी की मौत गांव से कुछ दूर जटहा बाबा स्थान के पास बिजली गिरने से हो गई। संतोष किसी जरूरी काम से घर से बाहर निकले थे, तभी मौसम बिगड़ा और बारिश के साथ तेज बिजली चमकने लगी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बिजली सीधे संतोष पर गिर गई, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कीं। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया गया है।
इन हृदयविदारक घटनाओं ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। परिजनों के साथ-साथ ग्रामीण भी गहरे शोक में डूबे हुए हैं।





