- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Ballia: अंतरराष्ट्रीय...
Ballia: अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित हुईं डॉ. रजनी चौबे, विश्वविद्यालय में खुशी की लहर

बलिया: जननायक चन्द्रशेखर विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग की सहायक आचार्य डॉ. रजनी चौबे को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि मिली है। भूटान स्थित नाबलिंग रिजटर कॉलेज, रॉयल यूनिवर्सिटी में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में डॉ. चौबे को उनके शोधपत्र के लिए "बेस्ट पेपर अवार्ड" से सम्मानित किया गया। यह सम्मान पाकर न सिर्फ विश्वविद्यालय, बल्कि पूरे बलिया जनपद में हर्ष की लहर दौड़ गई है।
सम्मेलन का विषय था – “सतत एवं समतामूलक भविष्य की ओर सामाजिक परिवर्तनों में विज्ञान, तकनीक, राजनीति एवं अर्थव्यवस्था की भूमिका”। इस सम्मेलन के विधि, मानवाधिकार और वैश्विक न्याय विषयक तकनीकी सत्र में डॉ. रजनी चौबे ने “डिजिटल डेमोक्रेसी इन साउथ एशिया: ए कंपरेटिव स्टडी ऑफ इंडिया एंड भूटान टुवर्ड्स ए सस्टेनेबल एंड इक्विटेबल फ्यूचर इन ग्लोबल एरा” विषय पर अपना शोधपत्र प्रस्तुत किया।
करीब 60 देशों से आए विशेषज्ञों और विद्वानों के बीच डॉ. चौबे का शोधपत्र सर्वश्रेष्ठ घोषित हुआ। इस सफलता से विश्वविद्यालय परिवार गौरवांवित है। कुलपति प्रो. संजीत कुमार गुप्ता, कुलसचिव एस.एल. पाल, शैक्षणिक निदेशक डॉ. पुष्पा मिश्रा, पीआरओ डॉ. प्रमोद शंकर पांडेय और सभी प्राध्यापकों ने डॉ. चौबे को इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए बधाई दी।
कुलपति प्रो. गुप्ता ने कहा कि ऐसी उपलब्धियाँ विश्वविद्यालय में शोध और नवाचार के वातावरण को सुदृढ़ करती हैं और छात्रों व शोधार्थियों को प्रेरणा देती हैं।
अपनी उपलब्धि पर डॉ. रजनी चौबे ने इसे कुलपति प्रो. संजीत कुमार गुप्ता, अपने माता-पिता, पति और पूरे परिवार को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मान्यता मिलने से आत्मविश्वास बढ़ता है और भविष्य में और बेहतर काम करने की प्रेरणा मिलती है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वे शिक्षण और शोध के क्षेत्र में अपना सर्वोत्तम योगदान देने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगी।





