उत्तर प्रदेश

Ayodhya: आज पांच लाख से अधिक श्रद्धालु लगाएंगे सरयू में डुबकी, चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा

Sarita
15 Jan 2026 7:34 AM IST
Ayodhya: आज पांच लाख से अधिक श्रद्धालु लगाएंगे सरयू में डुबकी, चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा
x
Ayodhyaअयोध्या : मकर संक्रांति के पावन पर्व पर आज अयोध्या में आस्था का सैलाब उमड़ने की संभावना है। प्रशासनिक आकलन के अनुसार सरयू स्नान के लिए करीब पांच लाख श्रद्धालु राम नगरी पहुंच सकते हैं। तड़के सुबह से ही सरयू घाटों पर स्नान-दान का सिलसिला शुरू हो जाएगा। उधर प्रशासन ने भी सुविधा व सुरक्षा के इंतजाम पूरे कर लिए हैं। नयाघाट पर मेला कंट्रोल रूम सक्रिय कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि अयोध्या समेत आसपास के जिलों अंबेडकरनगर, बाराबंकी, सुल्तानपुर, गोंडा, बस्ती से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे। मकर संक्रांति पर सूर्य के मकर राशि में प्रवेश को लेकर स्नान-दान का विशेष महत्व माना जाता है, इसी कारण श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। वहीं बुधवार को एकादशी तिथि पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पावन सलिला सरयू में डुबकी लगाई और मठ-मंदिरों में दर्शन-पूजन किया। रामलला व हनुमंतलला के दरबार में लंबी कतारें लगी रही। नयाघाट पर मेला कंट्रोल रूम व खोया-पाया कैंप सक्रिय कर दिया गया है। यह सुविधा पूरे माघ मेला तक जारी रहेगी।
पंडित कौशल्यानंदन वर्धन ने बताया कि मकर संक्रांति का पर्व बृहस्पतिवार को ही मनाया जाएगा। 14 जनवरी को दोपहर 3:13 बजे सूर्य उत्तरायण हो गए हैं। अयोध्या में उदया तिथि की मान्यता है इसलिए स्नान-दान बृहस्पतिवार की सुबह ही होगा। बृहस्पतिवार की सुबह 4:51 बजे से 5:44 बजे तक स्नान विशेष फलदायी होगा। शास्त्रों के अनुसार, ब्रह्म मुहूर्त में पवित्र नदियों में स्नान करने से विशेष पुण्य और मानसिक शांति प्राप्त होती है। रामनगरी के अधिकांश मंदिरों में भगवान को खिचड़ी का भोग अर्पित किया जाएगा। पूजन-अनुष्ठान भी होगा।
राम मंदिर में बृहस्पतिवार को मकर संक्रांति का पर्व मनाया जाएगा। रामलला को ड़ेढ क्विंटल खिचड़ी का भोग अर्पित कर श्रद्धालुओं में वितरित किया जाएगा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने रामलला को खिचड़ी का भोग अर्पित करने के लिए निधि समर्पण भी किया। वहीं मंदिर परिसर में स्थित सूर्य मंदिर में विशेष अनुष्ठान किए जाएंगे। सुबह से ही वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सूर्य देव की आराधना, हवन और विशेष पूजन होगा। कारसेवकपुरम में भी बृहस्पतिवार को खिचड़ी भोज का आयोजन किया जाएगा। इसमें संघ व विहिप के कार्यकर्ताओं व मंदिर की व्यवस्था में लगे कर्मियों को आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा अन्य मंदिरों में भी भगवान को खिचड़ी का भोग अर्पित किया जाएगा।
Next Story