उत्तर प्रदेश

Ayodhya : तीन डंपरों में भिड़ंत, भीषण आग लगी, दो की मौत

Sarita
3 April 2025 8:39 AM IST
Ayodhya : तीन डंपरों में भिड़ंत, भीषण आग लगी, दो की मौत
x
Ayodhya अयोध्या: रायबरेली राष्ट्रीय राजमार्ग पर इनायत नगर थाना क्षेत्र के सेवरा मोड़ के पास स्थित श्रीराम अस्पताल के सामने बुधवार की सुबह बड़ा हादसा हो गया। इसमें दो डंपरों में आग लग गई। इस दौरान एक डंपर का चालक और उसके साथ मौजूद एक युवक (हेल्पर) की भी जलने से मौत हो गई। बुधवार की सुबह करीब 3:45 बजे गिट्टी लादकर तीन डंपर एक साथ जगदीशपुर से अयोध्या की ओर जा रहे थे। तीनों डंपर अभी इनायत नगर थाना क्षेत्र के सेवरा मोड़ के पास श्रीराम अस्पताल के सामने पहुंचे ही थे कि हाईवे पर आवारा मवेशियों का झुंड आ गया।
आगे जा रहे डंपर के चालक ने मवेशियों को बचाने के लिए ब्रेक लगा दिए, जिससे पीछे आ रहे डंपर आपस में टकरा गए। तीनों डंपरों की टक्कर से दो डंपरों में आग लग गई। सबसे पीछे वाले डंपर का गेट लॉक होने के कारण चालक और हेल्पर की डंपर के अंदर जलकर मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद अयोध्या-रायबरेली राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक किलोमीटर की दूरी तक करीब तीन घंटे तक जाम लगा रहा।
हादसे की सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी मिल्कीपुर श्रीयश त्रिपाठी उपनिरीक्षक अमर बहादुर सिंह व पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड की टीम को सूचना दी। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। सीओ ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शवों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
Next Story