उत्तर प्रदेश

Ayodhya: प्राण प्रतिष्ठा वर्षगांठ पर रामलला के दर्शन को उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

Sarita
23 Jan 2026 10:38 AM IST
Ayodhya: प्राण प्रतिष्ठा वर्षगांठ पर  रामलला के दर्शन को उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
x
Ayodhya अयोध्या : यूपी के अयोध्या स्थित भव्य राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की वर्षगांठ पर अयोध्या में उत्सवी माहौल रहा। अंग्रेजी तिथि के अनुसार रामलला की प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी 2024 को हुई थी। इस तिथि पर बृहस्पतिवार को राम मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी तो मठ-मंदिरों में अनुष्ठान भी हुए। रामलला के दरबार में दिन भर श्रद्धालुओं की भीड़ दर्शन पूजन के लिए जुटी रही।सुबह 7 बजे जैसे ही मंदिर खुला दर्शनार्थियों का जयघोष गूंजने लगा। यह सिलसिला मंदिर बंद होने यानी रात नौ बजे तक जारी रहा। इस दौरान श्री राम रक्षा स्तोत्र का पाठ भी जारी रहा। बृहस्पतिवार को विभिन्न राज्यों से श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे थे।
हालांकि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट प्राण प्रतिष्ठा की वर्षगांठ प्रतिष्ठा द्वादशी के रूप में पहले ही मना चुका है, लेकिन प्राण प्रतिष्ठा की अंग्रेजी तिथि पर भी श्रद्धालु रामलला के दर्शन को पहुंचे। प्रतिष्ठा की वर्षगांठ के दिन ही 286 किलो वजनी पंचधातु से निर्मित धनुष भी श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को समर्पित किया गया।
वहीं, विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के नेतृत्व में पीठासीन अधिकारियों का दल भी रामलला के दर्शन के लिए पहुंचा। प्राण प्रतिष्ठा की वर्षगांठ पर पूरे दिन उत्सवी माहौल रहा। वीआईपी मूवमेंट, राम मंदिर में श्रद्धालुओं की कतार, मंदिरों में अनुष्ठान ने माहौल को भक्तिमय बनाए रखा। राम मंदिर में रामलला का अभिषेक किया गया, वहीं दशरथ महल, रंगमहल, श्रीराम बल्लभाकुंज में विशेष अनुष्ठान हुए।प्रभु श्रीरामलला के पाटोत्सव महोत्सव के अवसर पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। मणिराम दास की छावनी में हुए आयोजन में श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से श्री राम रक्षा स्तोत्र का पाठ किया, वहीं सुंदरकांड पाठ की चौपाइयों ने पूरे परिसर को राममय कर दिया।
इस अवसर पर श्रीराम रक्षा यंत्र का पूजन भी किया गया। कार्यक्रम के संयोजक श्री रामलला अयोध्याजी सेवा समिति के अध्यक्ष राजानंद शास्त्री ने बताया कि अनुष्ठान का शुभारंभ महंत कमलनयन दास ने किया। 21 वैदिक आचार्यों ने पाठ में हिस्सा लिया।
Next Story