- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Ayodhya: महिला आरक्षी...
Ayodhya: महिला आरक्षी की सरकारी आवास में फंदे से लटका मिला शव

अयोध्या: मंडल कारागार में तैनात महिला आरक्षी शांति यादव (27) की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हो गई। शनिवार दोपहर उनका शव जेल परिसर स्थित सरकारी क्वार्टर में छत के कुंडे से दुपट्टे के सहारे लटका मिला। कमरा अंदर से बंद था। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या का मामला मान रही है, लेकिन सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है।
शांति यादव जौनपुर जिले की मूल निवासी थीं और सितंबर 2021 से अयोध्या जेल में आरक्षी के पद पर कार्यरत थीं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वह 12 मई को एक दिन की छुट्टी लेकर गांव गई थीं और एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद 13 मई को अयोध्या लौट आईं। हालांकि लौटने के बाद वह अपनी दूसरी पाली की ड्यूटी (दोपहर 12:30 बजे) पर नहीं पहुंचीं।
शांति जेल परिसर में बने सरकारी क्वार्टर में रहती थीं। उनके साथ रेखा नामक एक अन्य महिला आरक्षी भी उसी कमरे में रहती थीं। रेखा ने बताया कि वह सुबह 7:30 बजे ड्यूटी पर चली गई थीं। दोपहर में लौटने पर दरवाजा बंद मिला और आवाज देने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। शक होने पर अन्य सहयोगियों को सूचना दी गई। बाहर से सीढ़ी लगाकर खिड़की से झांकने पर शांति का शव फंदे से लटका हुआ देखा गया।
सूचना मिलने पर जेल प्रशासन और कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है। मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





